पेट्रोल-डीजल कीमतों में बढ़ोतरी पर कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार का फूंका पुतला

5 दिनों में करीब 4 रुपए बढ़े दामों को लेकर रायपुर में कांग्रेस का विरोध, महंगाई पर सरकार को घेरा

पेट्रोल-डीजल कीमतों में बढ़ोतरी पर कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार का फूंका पुतला

रायपुर। देशभर में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। रायपुर में बुधवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कचहरी चौक स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर केंद्र सरकार का पुतला फूंका और बढ़ती महंगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर पहुंचे तथा पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर नाराजगी जताई।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव अवधि तक ईंधन के दाम स्थिर रखे गए, लेकिन दो राज्यों में सरकार बनने के बाद लगातार कीमतों में इजाफा किया जा रहा है। नेताओं का कहना है कि पहले 3 रुपए और अब 90 पैसे की बढ़ोतरी के साथ बीते पांच दिनों में पेट्रोल-डीजल करीब 4 रुपए तक महंगा हो चुका है।

कांग्रेस ने कहा कि ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर साफ दिखाई देने लगा है। परिवहन खर्च बढ़ने से खाद्य सामग्री सहित अन्य जरूरी वस्तुओं के दाम भी बढ़ने की आशंका है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की साय सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई से जनता परेशान है, लेकिन सरकारें आम लोगों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही हैं।

कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान “महंगाई वापस लो” और “जनता पर बोझ बंद करो” जैसे नारे लगाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत नहीं दी गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।