भाजपाइयों ने जलाया आबकारी मंत्री का पुतला:2000 करोड़ के शराब घोटाले को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन

भाजपाइयों ने जलाया आबकारी मंत्री का पुतला:2000 करोड़ के शराब घोटाले को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन

भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई ने 2 हजार करोड़ रुपए के शराब घोटाले के विरोध में आबकारी मंत्री का पुतला दहन किया। भाजपा और भाजयुमो नेताओं ने अवंतीबाई चौक कोहका में एकत्र होकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते पैदल मार्च किया। इसके बाद पुलिस को चकमा देते हुए तीन अलग-अलग पुतले जलाए।

पैदल मार्च कर शराब घोटाले के विरोध करते भाजपाई

भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की विवेचना के दौरान प्रदेश कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नजदीकी समर्थक नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत से 2000 करोड़ रुपए का शराब महाघोटाला उजागर हुआ है। वृहत पैमाने पर हुए इस भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता पार्टी भिलाई जिले के सभी मंडल में अलग-अलग दिन प्रदर्शन कर पुतला दहन करेगी। भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा ने कहा कि ईडी की जांच ने सरकार के भ्रष्टाचार रूपी चेहरे को उजागर कर दिया है। जनता के सामने कांग्रेस का असली चेहरा आ गया है। भाजपा उसके गलत कृत्यों के खिलाफ हर लड़ाई लड़ेगी। पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान पार्षद महेश वर्मा, भाजपा नेता जेपी घनघोरकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पुरुष और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपाइयों ने जलाया आबकारी मंत्री का पुतला

भाजपा का जिला स्तरीय महाधरना आज
जिला महामंत्री ललित चंद्राकर ने बताया कि वृहत पैमाने पर हुए इस भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व ने जिला स्तर पर प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इसी तारतम्य में दुर्ग जिला भाजपा संगठन द्वारा जिला अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा की अध्यक्षता में 11 मई गुरुवार को दोपहर 1 बजे से दुर्ग संभाग कार्यालय, हिंदी भवन के सामने महाधरना किया जाएगा, इस महाधरना कार्यक्रम में दुर्ग जिले के सभी 13 मंडलों के बूथ स्तर से लेकर तमाम वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल होंगे।