“भिलाई नगर में संत ज्ञानेश्वर माऊली पुण्यतिथि महोत्सव: भजन, कीर्तन और शोभायात्रा के साथ धार्मिक उत्सव”
“मुंबई और नागपुर के प्रवचनकारों की उपस्थिति में सत्संग, कीर्तन, हरिपाठ और महाप्रसाद का आयोजन”
भिलाई नगर | श्री संत सेवा समिति भिलाई नगर द्वारा आयोजित श्रीसंत ज्ञानेश्वर माऊली संजीवनी समाधि समारोह 2025 की शुरुआत शनिवार से हो गई। कार्यक्रम का आयोजन विजय श्रावणजी माहुरकर के निवास, क्वार्टर 4-ए, सड़क-2, सेक्टर-1 भिलाई में किया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी समिति भिलाई और नागपुर के संयुक्त सहयोग से यह भव्य आध्यात्मिक आयोजन हो रहा है।
समिति ने भिलाई नगर और आसपास के क्षेत्रों के भक्तजनों से आग्रह किया है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर सत्संग और भक्ति का लाभ उठाएं।
15 नवंबर: भजन संध्या से हुआ शुभारंभ
समारोह की शुरुआत शनिवार 15 नवंबर को शाम 6 बजे भजन संध्या के साथ हुई। भक्तों ने भक्ति गीत, नामस्मरण और सामूहिक भजन के माध्यम से वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंगा।
16 नवंबर: पूजन, पंचपदी भजन और हरिपाठ कीर्तन का दिनभर आयोजन
रविवार 16 नवंबर को सुबह से पूजन कार्य के बाद पंचपदी भजन और हरिपाठ किर्तन का आयोजन किया गया।
ह.भ.प. तुकाराम निकम महाराज (मुंबई) ने सुबह 10 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक लगातार भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं। पूरे दिन परिसर में भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक ऊर्जा का माहौल बना रहा।
17 नवंबर: समाधि समारोह, कीर्तन और पालकी शोभायात्रा
सोमवार 17 नवंबर को सुबह 9 बजे से पंचपदी भजन शुरू हुआ।
इसके बाद 10 बजे से 1 बजे तक समाधि समारोह के अंतर्गत ह.भ.प. तुकाराम निकम महाराज द्वारा विशेष कीर्तन हुआ।
दोपहर में भक्तों को महाप्रसाद वितरित किया गया।
संध्या 6 बजे से पालकी शोभायात्रा निकाली गई, जिसने फेरा करते हुए रात 9 बजे विश्राम लिया।
18 नवंबर: गोपालकाला और सहजानंद महाराज पुण्यतिथि कीर्तन
मंगलवार 18 नवंबर को सुबह 10 बजे से 1 बजे तक गोपालकाला उत्सव मनाया जाएगा।
इसी दौरान ह.भ.प. संतोष महाराज राठौड़ (मुंबई) द्वारा गुरुवर्य सहजानंद महाराज, नागपुर की पुण्यतिथि पर कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके बाद महाप्रसाद वितरण होगा।
रात्रि 8 बजे से प्रक्षांल पूजा के साथ चार दिवसीय समारोह का समापन होगा।
suntimes 