भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजयुमो का प्रदर्शन: महापौर का पुतला जलाया, इस्तीफे की मांग
भिलाई चरोदा नगर निगम में महापौर निर्मल कोसरे पर लगे गंभीर आरोप, भाजयुमो की जनआक्रोश रैली के बाद निगम कार्यालय का घेराव

भिलाई चरोदा नगर निगम में भ्रष्टाचार के कथित मामलों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सोमवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय का घेराव करते हुए महापौर निर्मल कोसरे का पुतला दहन किया और कांग्रेस नेतृत्व को आड़े हाथों लिया।
भिलाई। भिलाई चरोदा नगर निगम के महापौर निर्मल कोसरे पर लगातार भ्रष्टाचार के आरोप लगते आ रहे हैं। इन्हीं आरोपों को लेकर सोमवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की भिलाई-3 मंडल इकाई ने नगर निगम कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया।
भाजयुमो प्रदेश महामंत्री उपकार चंद्राकर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ‘जनआक्रोश रैली’ निकाली। रैली के समापन पर नगर निगम कार्यालय का घेराव किया गया और महापौर का प्रतीकात्मक पुतला जलाया गया। कार्यकर्ताओं ने पुतले को ‘भ्रष्टाचार का प्रतीक’ बताते हुए उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की।
विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने महापौर समेत कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर भाजयुमो जिला अध्यक्ष अमित मिश्रा, भाजपा जिला महामंत्री प्रेमलाल साहू समेत बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए।
गौरतलब है कि यह विरोध कोई पहला नहीं है। महापौर कोसरे अपने कार्यकाल की शुरुआत से ही विभिन्न विवादों में घिरे रहे हैं। पांच महीने पहले भी भाजपा पार्षदों ने बजरंग दल कार्यकर्ता के साथ हुई मारपीट के विरोध में उनके खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अविश्वास प्रस्ताव लाया था। इसके अलावा नगर निगम कमिश्नर को लिखे पत्र में पार्षदों ने महापौर और सभापति समेत सात पार्षदों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की थी।