रायपुर में 86 किलो चांदी की लूट, नकाबपोश बदमाशों ने कारोबारी को बंधक बनाकर उड़ाए 1.50 करोड़

गन की नोक पर सराफा व्यापारी को बेहोश कर बांधे हाथ-पैर, DVR भी ले गए लुटेरे

रायपुर में 86 किलो चांदी की लूट, नकाबपोश बदमाशों ने कारोबारी को बंधक बनाकर उड़ाए 1.50 करोड़

राजधानी रायपुर में शनिवार तड़के हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे सराफा बाजार को दहला दिया। सदर बाजार इलाके में नकाबपोश लुटेरों ने सराफा कारोबारी के घर धावा बोलकर उन्हें बंधक बना लिया और 86 किलो चांदी के जेवर, जिसकी कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपए बताई जा रही है, लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद आरोपी CCTV DVR भी साथ ले गए ताकि कोई सुराग न छोड़ा जाए।

रायपुर। राजधानी रायपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर बाजार में शनिवार सुबह करीब 4 बजे दो नकाबपोश लुटेरों ने सराफा कारोबारी राहुल गोयल के फ्लैट में धावा बोल दिया। उत्तर प्रदेश आगरा के रहने वाले राहुल गोयल रायपुर में लंबे समय से चांदी के आभूषणों का कारोबार कर रहे हैं और राजधानी पैलेस में किराए के मकान में रहते हैं।

पुलिस के अनुसार, लुटेरे गन लेकर पहुंचे और दरवाजा खुलते ही कारोबारी की कनपटी पर पिस्टल टिकाकर उन्हें काबू में कर लिया। आरोपियों ने दवा सुंघाकर उन्हें बेहोश किया और हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद घर में रखे 86 किलो चांदी के गहने समेट लिए। वारदात के बाद आरोपी DVR निकाल ले गए ताकि पुलिस को कोई फुटेज न मिले।

पीड़ित कारोबारी को करीब सुबह 11 बजे होश आया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि वारदात बेहद योजनाबद्ध और पेशेवर ढंग से अंजाम दी गई है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और शहर के सभी एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर नाकेबंदी बढ़ा दी गई है।

वहीं, सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राजधानी में इस तरह की बड़ी वारदातें सराफा कारोबारियों के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाए।