शातिर बदमाश संजय बिहारी हुआ जिला बदर...हत्या, डकैती और अवैध वसूली सहित कई संगीन मामलों में है आरोपी....

दुर्ग जिले में हत्या, डकैती, अवैध वसूली जैसे दर्जनों संगीन अपराधों को अंजाम देने वाले शातिर बदमाश संजय बिहारी को कलेक्टर ने जिला बदर कर दिया है। उसके खिलाफ अकेले मोहन नगर थाने में अलग-अलग 13 मामले दर्ज हैं। संजय सिंह राजपूत उर्फ संजय बिहारी (40) दीपक नगर दुर्ग में रहता है। यह शख्स आदतन बदमाश है। इसने साल 1994 से अपराध की दुनिया में कदम रखा। हथियार के बल पर लोगों को डराना, उनसे वसूली करना और मारपीट कर जान से मारने की धमकी देना इसका पेशा बन गया। पुलिस ने जितनी बार इसके खिलाफ कार्रवाई की, इसके अपराध बढ़ते गए।
इसके बाद संजय बिहारी ने अवैध शराब बिक्री के धंधे में कदम रखा। धीरे से अवैध शराब बेचने के लिए बार का लाइसेंस लेकर मालवीय नगर दुर्ग में फोर सीजन नाम से बार खोला और फिर मध्य प्रदेश में शराब का ठेका लेना शुरू किया।
इस दौरान जो भी उसके रास्ते में आया, या तो इसने उस पर जानलेवा हमला किया या फिर जान से मार दिया। अपने साथ गुंडे-बदमाशों की फौज तैयार की। उसके बल पर अवैध वसूली शुरू कर दी। जमीन दलाली करना शुरू कर दिया। लोगों की जमीन को कम पैसे में हड़पना शुरू कर दिया। हालत ये रही कि अकेले मोहन नगर थाने में उसके खिलाफ 13 अलग-अलग आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
संजय बिहारी पहले छत्तीसगढ़ में शराब का ठेका लेता था। जब राज्य में शराब का ठेका बंद हुआ, तो संजय बिहारी ने शराब को वापस ना करके उसे उतई थाना अंतर्गत मानिकचौरी गांव में छिपाकर रख दिया। उसने यहां गिट्टी खदान में एक बंकर बनाया था और उसके अंदर 40 लाख 81 हजार रुपए कीमत की 694 पेटी शराब छिपाकर रखी थी। वह उस शराब की अवैध बिक्री करना चाहता था, लेकिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे जब्त कर लिया था।
पुलिस ने आरोपी संजय बिहारी को किया था गिरफ्तार।
9 अप्रैल 2017 को बंकर से लगभग 41 लाख की शराब जब्त होने के बाद संजय बिहारी फरार हो गया था। पुलिस जब उसे पकड़ नहीं पाई, तो उस पर 30 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। इस दौरान वो मध्य प्रदेश में शराब के कारोबार में अपने पैर जमा रहा था। दुर्ग पुलिस ने उसे विदिशा मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया था। संजय बिहारी के साथ विनोद बिहारी भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहता है। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ भी जिला बदर की कार्रवाई हो सकती है।
संजय बिहारी के बढ़ते आपराधिक मामलों को देखते हुए दुर्ग पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने दुर्ग कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी को जिला बदर की कार्रवाई के लिए लिखा। इसके बाद न्यायालय से उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया, लेकिन बदमाश ने उसका भी जवाब नहीं दिया। इसे देखते हुए उसके खिलाफ एकपक्षीय कार्रवाई की गई।
दुर्ग कलेक्टर के आदेश के मुताबिक, संजय बिहारी को राजस्व जिला दुर्ग सहित उसके सीमावर्ती जिले रायपुर, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, बालोद और धमतरी सहित 7 जिलों की सीमाओं से बाहर रहना होगा। उसे एक सप्ताह के अंदर इन जिलों की सीमा को छोड़ने का आदेश दिया गया है।