वैशाली नगर में भाजपा प्रत्याशी ने निकाला जुलूस:विजय बघेल ने देर रात तक पूरे विधानसभा क्षेत्र में किया जनसंपर्क....

वैशाली नगर में भाजपा प्रत्याशी ने निकाला जुलूस:विजय बघेल ने देर रात तक पूरे विधानसभा क्षेत्र में किया जनसंपर्क....

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए मतदान 7 मई को होना है। ऐसे में भाजपा-कांग्रेस दोनों ही राजनीतिक दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के प्रचार-प्रसार के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। बुधवार को भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल ने वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में वृहद जनसंपर्क किया। इस दौरान उनका जुलूस पूरे विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख सड़कों से होकर गुजरा।

जंन संपर्क रैली निकालते हुए सांसद प्रत्याशी विजय बघेल व अन्य भाजपा नेता - Dainik Bhaskar

भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल बुधवार की सुबह 9 बजे बैकुंठ धाम मंदिर पहुंचे। यहां भाजपा नेता राजेंद्र अरोरा, भाजपा भिलाई के अध्यक्ष महेश वर्मा, पूर्व अध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया और भिलाई निगम के नेता प्रतिपक्ष भेजराज सिन्हा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। विजय बघेल ने सबसे पहले बैकुंठधाम मंदिर में भगवान भोलेनाथ की पूजा की। इसके बाद अपना जनसंपर्क अभियान शुरू किया।

भाजयुमो अध्यक्ष अमित मिश्रा, विनय सेन के नेतृत्व में सैकड़ों युवा कार्यकर्ताओं ने दोपहिया वाहन से रैली निकाली। इस दौरान विजय बघेल और उनके सहयोगी महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक, अरविंद जैन, शंकर लाल देवांगन, पुरुषोत्तम देवांगन, प्रवीण पांडेय और नागेंद्र मिश्रा खुली जीप में सवार रहे।

बैकुंठधाम से निकलकर विजय बघेल की रैली सुबह 9:30 बजे राष्ट्रीय विद्यालय और 9:45 बजे साहू लकड़ी टाल के पास पहुंची। इसके बाद सुबह 10 बजे गणेश चौक, संतोषी पारा, मिलन चौक होते हुए वाहन रैली शीतला मंदिर चौक पहुंची। यहां निषाद सेवा समिति की ओर से भाजपा नेता राजेश चौधरी और सोहन देवांगन ने रैली का स्वागत किया।

सुबह 10:30 बजे हनुमान मंदिर शारदा पारा होते हुए वाहन रैली शहीद भगत सिंह चौक पहुंची। फिर कबीर कुटीर और कुष्ठ बस्ती चौक होते हुए युग निर्माण विद्यालय, आदर्श नगर हनुमान मंदिर कैंप-1 होते हुए पौने 12 बजे सुभाष चौक पहुंची। इसी तरह यह जनसंपर्क रैली अलग-अलग क्षेत्रों से होती हुई रात पौने 9 बजे बुनियाद कॉम्प्लेक्स, शिवाजी चौक और पंचमुखी हनुमान मंदिर, स्मृति नगर चौक, जुनवानी चौक तक पहुंची। यहां विजय बघेल ने जनसंपर्क करते हुए लोगों से भाजपा को भारी मतों से जिताने की अपील की।