"शिक्षा से ही होगा विकास: मुख्यमंत्री, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष पद पर राजा पांडेय ने संभाला कार्यभार"

शहीद स्मारक भवन में हुआ पदभार ग्रहण समारोह, मुख्यमंत्री ने शिक्षा को बताया समृद्ध छत्तीसगढ़ की रीढ़, नई शिक्षा नीति और औद्योगिक विकास पर भी किया प्रकाश

"शिक्षा से ही होगा विकास: मुख्यमंत्री, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष पद पर राजा पांडेय ने संभाला कार्यभार"

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शिक्षा ही समग्र विकास की आधारशिला है, और एक पढ़ा-लिखा समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव रखता है। राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन में आयोजित छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष राजा पांडेय के पदभार ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री ने ये बातें कहीं। उन्होंने पांडेय को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए निगम की भूमिका को बच्चों के भविष्य निर्माण में अहम बताया।


रायपुर। छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से राजा पांडेय ने पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पाठ्य पुस्तक निगम की सबसे बड़ी जिम्मेदारी समय पर किताबों की छपाई और छात्रों तक उनकी समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर राज्य के शिक्षा क्षेत्र में बीते 25 वर्षों में हुई प्रगति को रेखांकित करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में IIT, IIM, ट्रिपल IIT और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की स्थापना हो चुकी है। साथ ही अब राज्य में 14 मेडिकल कॉलेज भी संचालित हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के बच्चों को 18 स्थानीय भाषाओं में पाठ्यपुस्तकें प्रदान की जा रही हैं, जिससे मातृभाषा में शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नई औद्योगिक योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवा रायपुर में 1143 करोड़ की लागत से देश की दूसरी सेमीकंडक्टर यूनिट की नींव रखी गई है। इसके साथ ही आईटी सेक्टर के विस्तार, ई-रिक्शा वितरण, एल्कलाइन वॉटर बॉटलिंग प्लांट की शुरुआत जैसी कई योजनाएं प्रदेश में निवेश को आकर्षित कर रही हैं।

केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने भी राजा पांडेय को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन की धुरी है, जो एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में सहायक होती है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन को लेकर प्रतिबद्ध है, और सभी निगम-मंडल इसमें सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने पांडेय को इस नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में कई विधायक, पूर्व मंत्री, निगम-मंडल के अध्यक्ष एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शिक्षा की महत्ता और निगम की भूमिका पर चर्चा की।