शिवनाथ नदी एनीकट में डूबे व्यक्ति का शव 43 किमी सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद

एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने कई गाँवों में चलाया वृहद सर्च, शव को पुलिस को सौंपा गया

शिवनाथ नदी एनीकट में डूबे व्यक्ति का शव 43 किमी सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद

दुर्ग जिले के नंदनी थाना अंतर्गत ग्राम अरसनारा स्थित शिवनाथ नदी एनीकट में रविवार को एक व्यक्ति डूब गया। सूचना पर एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने घटनास्थल पहुँचकर गहन गोताखोरी और लंबा सर्च ऑपरेशन चलाया। अंततः करीब 43 किलोमीटर के दायरे में तलाश के बाद शव बरामद कर पुलिस को सौंप दिया गया।

दुर्ग। नंदनी थाना क्षेत्र के ग्राम अरसनारा स्थित शिवनाथ नदी एनीकट में रविवार को पानी में डूबे व्यक्ति का शव एसडीआरएफ की टीम ने 43 किलोमीटर लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद किया। मृतक की पहचान 48 वर्षीय अनिल बंसल, पिता सत्यप्रकाश बंसल, निवासी कादंबरी नगर, धमधा रोड दुर्ग के रूप में हुई है।

कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में एसडीआरएफ दुर्ग की टीम तत्काल रवाना हुई। मौके पर पहुँचकर जवानों ने डीप डाइविंग की, लेकिन शव न मिलने पर खोज अभियान को विस्तृत किया गया। इसके बाद दो अलग-अलग टीम बनाकर अरसनारा से लेकर सगनी, धमधा, बिरोदा होते हुए परपोडा (जिला बेमेतरा) तक करीब 43 किलोमीटर क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। घंटों की मशक्कत और गोताखोरी के बाद शव को बाहर निकाल लिया गया और पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।