साय कैबिनेट की बैठक...धान खरीदी की समस्याओं पर चर्चा:कांग्रेस बोली- केंद्र ने समर्थन मूल्य बढ़ाया....

साय कैबिनेट की बैठक...धान खरीदी की समस्याओं पर चर्चा:कांग्रेस बोली- केंद्र ने समर्थन मूल्य बढ़ाया....

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार मंगलवार यानी आज कैबिनेट की बैठक करने जा रही है। बैठक मंत्रालय में कुछ देर से शुरू होगी। मुख्य रूप से इस बैठक में धान खरीदी में आ रही दिक्कतों को CM विष्णुदेव साय और अन्य मंत्री रिव्यू करेंगे। पिछले कुछ दिनों में सभी मंत्री अलग-अलग इलाकों के धान खरीदी केंद्रों में गए हैं। लोगों से फीडबैक लेकर लौटे हैं। धान खरीदी में जो समस्याएं आ रही हैं, उन पर चर्चा की जाएगी। वहीं कांग्रेस ने केंद्र के समर्थन मूल्य बढ़ाने पर साय सरकार से 3,217 रुपए प्रति क्विंटल में धान खरीदी की मांग की है।  बताया जा रहा है कि इसके साथ ही बारदाने की कमी और राइस मिलर्स की मांग जैसे मुद्दों पर बात हो सकती है। वहीं 16 दिसंबर से विधानसभा का शीतकालीन सत्र भी शुरू होने को है। मंत्री इसे लेकर भी चर्चा कर सकते हैं। कांग्रेस लगातार किसानों को टोकन नहीं मिलने, मिलर्स के धान उठाव नहीं करने जैसी बातों पर सरकार को घेर रही है। शीत सत्र में मंत्री इसे लेकर भी चर्चा कर सकते हैं।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद ने कहा कि धान की कीमत का भुगतान सरकार 3,217 रुपए में करे। 3100 रुपए भाजपा ने अपने चुनावी वायदे में कहा था। वहीं केन्द्र सरकार ने धान का समर्थन मूल्य 117 रुपए बढ़ा दिया है। इस कारण इस साल धान की खरीदी 3100 रुपए से बढ़ाकर 3217 रुपए में किया जाए। कांग्रेस के समय भी कांग्रेस ने धान का समर्थन मूल्य 2500 देने का वादा किया था, लेकिन समर्थन मूल्य बढ़ने पर कांग्रेस ने 2640 रुपए में धान की खरीदी की थी।