अटल बिहारी वाजपेई की जयंती पर दुर्ग को मिला अटल परिसर, सीएम ने किया वर्चुअल लोकार्पण
सुशासन दिवस पर सेवा पखवाड़े का समापन, सुवा चौक अब ‘अटल चौक’ के नाम से पहचाना जाएगा
पूर्व प्रधानमंत्री और भारतरत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की 101वीं जयंती के अवसर पर दुर्ग शहर को एक नई पहचान मिली। सुशासन दिवस के रूप में मनाए गए सेवा पखवाड़े के अंतिम दिन मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से सुवा चौक स्थित अटल परिसर का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया।
दुर्ग। भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की 101वीं जयंती के अवसर पर दुर्ग में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेवा पखवाड़े के समापन दिवस को सुशासन दिवस के रूप में मनाते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री ने वर्चुअल रूप से उपस्थित होकर दुर्ग के सुवा चौक में निर्मित अटल परिसर का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में दुर्ग सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर दुर्ग नगर निगम महापौर अलका बाघमार, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा का विधिवत अनावरण भी किया गया।
वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेई के विचार, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण की सोच आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। इसी उद्देश्य से पूरे प्रदेश में अटल परिसरों का विकास किया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके आदर्शों और मूल्यों से प्रेरणा ले सकें।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के सम्मान में अब सुवा चौक को ‘अटल चौक’ के नाम से जाना जाएगा। यह चौक न केवल शहर की पहचान बनेगा, बल्कि जनसेवा और सुशासन के प्रतीक के रूप में भी स्थापित होगा।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों और नागरिकों ने अटल जी के योगदान को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
suntimes 