धीरेंद्र शास्त्री का बड़ा बयान: भूपेश बघेल पर साधा निशाना, कहा– हनुमान भक्ति अंधविश्वास लगे तो देश छोड़ दें
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से इस वक्त एक बड़ी राजनीतिक–धार्मिक खबर सामने आई है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मंच से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिन्हें हनुमान जी की भक्ति और राष्ट्र जागरण का कार्य अंधविश्वास लगता है, ऐसे नेताओं को भारत में रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।
भूपेश बघेल के बयान पर दिया करारा जवाब
दरअसल, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हाल ही में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र शास्त्री पर अंधविश्वास फैलाने का आरोप लगाया था। इसी बयान के जवाब में दुर्ग पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री ने बिना नाम लिए लेकिन स्पष्ट शब्दों में पूर्व मुख्यमंत्री पर हमला बोला और कहा कि सनातन संस्कृति को बदनाम करने वालों को जनता जवाब देगी।
छत्तीसगढ़ में पदयात्रा का ऐलान
धीरेंद्र शास्त्री ने मंच से यह भी ऐलान किया कि आने वाले समय में वे छत्तीसगढ़ में पदयात्रा निकालेंगे। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जागरण के उद्देश्य से की जाएगी।
जशपुर में एशिया की सबसे बड़ी चर्च के सामने हनुमान कथा
अपने बयान को और धार देते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि जशपुर में एशिया की सबसे बड़ी चर्च के सामने मंच लगाकर हनुमान कथा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने इसे सनातन परंपरा की मजबूती और आस्था का प्रतीक बताया।
27 दिसंबर को भिलाई में लगेगा दिव्य दरबार
धीरेंद्र शास्त्री ने जानकारी दी कि 27 दिसंबर को भिलाई स्थित कथा स्थल पर दिव्य दरबार लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दिव्य दरबार में जो भी व्यक्ति “घर वापसी” करना चाहता है, वह खुले मंच से यह निर्णय ले सकता है।
25 से 29 दिसंबर तक जयंती स्टेडियम में हनुमंत कथा
गौरतलब है कि 25 दिसंबर से 29 दिसंबर तक दुर्ग के जयंती स्टेडियम में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र गिरी शास्त्री की अगुवाई में भव्य हनुमंत कथा का आयोजन किया गया है। इस दौरान हजारों श्रद्धालु कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ उठा रहे हैं।
suntimes 