उधारी के पैसे को लेकर NSUI नेताओं ने युवक को अगवा कर पीटा, इलाज के दौरान मौत; 5 आरोपी गिरफ्तार
फोन नहीं उठाने से नाराज होकर स्टेशन रोड से जबरन उठाया गया युवक, होटल के कमरे में की गई बेरहमी से पिटाई, मुख्य आरोपी NSUI जिला उपाध्यक्ष भी शामिल
*दुर्ग-भिलाई |* छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में उधारी के पैसों के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। NSUI से जुड़े नेताओं ने युवक को रास्ते से अगवा कर होटल के कमरे में बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटों के चलते इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में NSUI जिला उपाध्यक्ष सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान ऋषि निर्मलकर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मेजर सिंह सागर ने ऋषि को कुछ समय पहले उधार पैसे दिए थे। लंबे समय से पैसा वापस न मिलने और फोन कॉल रिसीव न करने से आरोपी नाराज था।
रास्ते से जबरन उठाकर होटल ले गए आरोपी
20 जनवरी को ऋषि अपने एक दोस्त के साथ बाइक से स्टेशन रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान कार से पीछा कर रहे मेजर सागर और उसके साथियों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने जबरदस्ती ऋषि को बाइक से उतारकर कार में बैठाया और दुर्ग स्थित 36 इन होटल ले गए।
बताया जा रहा है कि होटल का मैनेजर खुद मुख्य आरोपी मेजर सागर था। होटल के एक कमरे में सभी आरोपियों ने ऋषि को बंद कर लात-घूंसों से जमकर पिटाई की। इसके बाद अधमरी हालत में उसे होटल के बाहर छोड़ दिया गया।
दो दिन बाद बिगड़ी हालत, अस्पताल में तोड़ा दम
पिटाई के बाद ऋषि किसी तरह घर पहुंचा। परिजनों द्वारा पूछे जाने पर उसने घटना की जानकारी नहीं दी। दो दिन बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। पहले स्थानीय डॉक्टर को दिखाया गया, फिर हालत गंभीर होने पर भिलाई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 25 जनवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गंभीर अंदरूनी चोटें बताया गया है।
हत्या के आरोप में NSUI नेता गिरफ्तार
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 26 जनवरी को हत्या का मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पहले दो आरोपियों—
एनएसयूआई जिला संयोजक प्रशांत राव (26) और लक्की उर्फ किशन कुमार ध्रुवे (18) को गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद 2 फरवरी को पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी मेजर सिंह सागर उर्फ राज सिंह सागर (19), काके उर्फ हरविंदर सिंह (20) और अंकित झा (22) को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी कर जल्द ही चार्जशीट पेश की जाएगी।
suntimes 