खारुन नदी में स्नान कर भूपेश बघेल ने निभाई कार्तिक पूर्णिमा की परंपरा

तड़के महादेव घाट पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री, हटकेश्वर महादेव का लिया आशीर्वाद; बोले- छत्तीसगढ़ में पीढ़ियों से चली आ रही है कार्तिक स्नान की परंपरा

खारुन नदी में स्नान कर भूपेश बघेल ने निभाई कार्तिक पूर्णिमा की परंपरा

रायपुर। आस्था, श्रद्धा और धार्मिक परंपराओं के पर्व कार्तिक पूर्णिमा पर राजधानी के महादेव घाट में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे खारुन नदी पहुंचे। उन्होंने नदी में स्नान कर हटकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कार्तिक महीने में सुबह-सुबह स्नान करने की परंपरा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी हुई है। यह धार्मिक आस्था के साथ दिनचर्या और स्वास्थ्य के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।

कार्तिक पूर्णिमा पर धार्मिक स्थलों और नदी-घाटों में विशेष चहल-पहल देखने को मिली। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर के महादेव घाट पहुंचकर खारुन नदी में स्नान किया। इसके बाद उन्होंने हटकेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव के दर्शन किए। उन्होंने कार्तिक मास में स्नान की परंपरा को छत्तीसगढ़ की पुरानी धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा बताया।

बघेल के अनुसार कार्तिक महीने में श्रद्धालु सुबह जल्दी उठकर नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में स्नान करते हैं। इसके बाद पूजा-अर्चना, जप और दान-पुण्य जैसे धार्मिक कार्य किए जाते हैं। सूर्योदय से पहले स्नान करने की परंपरा को उन्होंने स्वास्थ्य के लिए भी उपयोगी बताया।

स्नान और दीपदान का विशेष महत्व

धार्मिक मान्यताओं में कार्तिक पूर्णिमा को अत्यंत पुण्यदायी तिथि माना गया है। इसे देव दीपावली और त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है। इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने, जरूरतमंदों को दान देने, मंत्रों का जाप करने और दीपदान करने की परंपरा है। शाम को नदी घाटों, तालाबों और घरों में दीप जलाकर श्रद्धालु धार्मिक उत्सव मनाते हैं।

सूर्य उपासना से होती है दिन की शुरुआत

कार्तिक पूर्णिमा पर सुबह स्नान के बाद सूर्यदेव को अर्घ्य देने का विधान है। श्रद्धालु तांबे के लोटे में जल लेकर उसमें लाल फूल, चावल और कुमकुम मिलाते हैं। इसके बाद सूर्य की दिशा में मुख कर जल अर्पित करते हुए 'ऊं सूर्याय नम:' मंत्र का जाप करते हैं। धार्मिक विश्वास के अनुसार सूर्य उपासना से जीवन में सकारात्मकता और ऊर्जा बनी रहती है।

भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा का विधान

इस पावन तिथि पर भगवान गणेश का पूजन करने के बाद भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की आराधना की जाती है। पूजा के दौरान शंख से भगवान विष्णु का अभिषेक, तुलसी दल और मिठाई का भोग लगाने की परंपरा भी प्रचलित है। अंत में आरती कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की जाती है।