खास समाचार : भोलेनाथ के चित्र का अपमान! निगम कार्यालय के घेराव से गरमाया मामला

शिवनाथ कांवड़ यात्रा के फ्लेक्स को कचरे में फेंकने पर भड़का हिंदू समाज, आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

नगर निगम भिलाई-चरोदा द्वारा शिवनाथ कांवड़ यात्रा से संबंधित फ्लेक्स को हटाकर कचरा स्थल पर फेंके जाने से धार्मिक भावनाएं आहत हो गईं। भगवान शिव के चित्र को अपमानजनक तरीके से फेंके जाने से आक्रोशित हिंदू समाज, समिति पदाधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने निगम कार्यालय का घेराव कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

 भिलाई। भिलाई-चरोदा नगर निगम में उस समय तनाव का माहौल बन गया जब शिवनाथ कांवड़ यात्रा के फ्लेक्स, जिनमें भगवान भोलेनाथ का चित्र था, को निगम के कर्मचारियों द्वारा हटाकर सीधे कचरा स्थल पर फेंक दिया गया। इस कृत्य से संपूर्ण हिंदू समाज में आक्रोश फैल गया। समिति के संयोजक श्री विपिन चंद्राकर, तेजस पाल सहित बड़ी संख्या में सर्व हिंदू समाज के सदस्य, भाजपा भिलाई-3 मंडल के अध्यक्ष वरुण यादव, पदाधिकारी और कार्यकर्ता आयुक्त के केबिन के सामने धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने राजनीतिक दबाव में आकर द्वेषपूर्ण भावना से यह कार्य किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

काफी चर्चा और तनावपूर्ण माहौल के बाद नगर निगम आयुक्त ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ, लेकिन संयोजकों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा।