छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का कहर: उत्तर-मध्य जिलों में शीतलहर का अलर्ट, अंबिकापुर 4.3° के साथ सबसे ठंडा

मौसम विभाग की चेतावनी, अगले 48 घंटे अहम मैदानी इलाकों में राजनांदगांव सबसे सर्द

छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का कहर: उत्तर-मध्य जिलों में शीतलहर का अलर्ट, अंबिकापुर 4.3° के साथ सबसे ठंडा

उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में सर्दी ने अपना तीखा तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए शीतलहर की चेतावनी जारी की है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी जिलों तक ठंड का असर साफ नजर आ रहा है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य जिलों में कड़ाके की ठंड लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रही है। पेंड्रा क्षेत्र में सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है, जिससे लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने को मजबूर हैं। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले दो दिनों तक शीतलहर (Cold Wave) का प्रभाव बना रह सकता है।

पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के मुताबिक, अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां रात का न्यूनतम तापमान 4.3°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं, मैदानी इलाकों में राजनांदगांव सबसे सर्द रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

अधिकतम तापमान में दुर्ग सबसे आगे

मौसम विभाग ने बताया कि दुर्ग जिले में अधिकतम तापमान 29.6°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। हालांकि रात के समय ठंड का असर यहां भी बना हुआ है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ़ने की उम्मीद जताई गई है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।

रायपुर में हल्की धुंध, मौसम शुष्क

राजधानी रायपुर में 29 दिसंबर की सुबह शहर के बाहरी इलाकों में हल्की धुंध देखने को मिली। यहां अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम तापमान 12°C के आसपास रहने का अनुमान है।

सावधानी जरूरी

मौसम विभाग ने शीतलहर को देखते हुए छोटे बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। सुबह और रात के समय गर्म कपड़ों का उपयोग करने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई है।