डामर प्लांट में ट्रक की चपेट में आया मजदूर, मौत, दुर्ग में परिजनों ने किया हंगामा....

डामर प्लांट में ट्रक की चपेट में आया मजदूर, मौत, दुर्ग में परिजनों ने किया हंगामा....

दुर्ग. दुर्ग जिले के डामर प्लांट में एक हाईवा ने मजदूर को रौंद दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने डामर प्लांट के मालिक से मुआवजा दिलाया। जिसके बाद शव उठाया गया। घटना नंदिनी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, बानबरथ से डोंगरिया रोड में अग्रवाल डामर प्लांट स्थित है। यहां मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे काम कर रहा मजदूर अशोक कोसरे पिता गोकुल कोसरे (45) हाईवा की चपेट में आ गया। हाईवा उसके ऊपर से गुजर गई। जिससे उसकी जान चली गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, हाईवा में डामर लोड हो रहा था। इसी दौरान उसने जैसे ही उसे बैक किया। बाएं तरफ डामर समेटने में लगा मजदूर अशोक कोसरे उसकी चपेट में आ गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मजदूर के परिजन पहुंच गए। नंदिनी पुलिस ने पहुंचकर शव को उठाने की कोशिश की तो परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया।

इसके बाद पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की। लेकिन वो नहीं माने और हंगामा करते रहे। परिजनों ने बताया कि अशोक पिछले 8 महीने से इसी प्लांट में काम करता था। बीमारी के चलते कुछ दिनों से वो ड्यूटी पर नहीं आ रहा था। एक दिन पहले ही वो काम पर लौटा और मंगलवार को उसकी दुर्घटना में मौत हो गई। परिजनों ने हाईवा चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इसके बाद प्लांट के मालिक ने लोगों को समझाया कि ये महज एक हादसा है। प्लांट संचालक ने तत्काल अपने पास से 60 हजार रुपए मुआवजे के रूप में परिजनों को दिया। बाकी मुआवजा बाद में देने का आश्वासन अधिकारियों ने दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और शव को दोपहर 2 बजे घटना स्थल से उठाया गया।