नगपुरा में शुरू हुई 1200 आम के पौधों की विशाल आम्रवाटिका, 'हर आँगन एक पेड़' अभियान को मिली नई उड़ान
5 एकड़ में विकसित होगी फलदार हरित वाटिका, विद्यार्थियों ने लिया संरक्षण का संकल्प
दुर्ग जिले के नगपुरा स्थित श्री महावीर प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विज्ञान महाविद्यालय परिसर में रविवार को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। संस्था आर्टकॉम के "हर आँगन एक पेड़" अभियान के तहत 5 एकड़ भूमि पर 1200 आम के पौधों की विशाल आम्रवाटिका विकसित करने की शुरुआत दुर्ग सांसद विजय बघेल ने की। इस अवसर पर विद्यार्थियों, पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेकर हरित भविष्य का संदेश दिया।
पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित आर्टकॉम के "हर आँगन एक पेड़" अभियान के अंतर्गत नगपुरा स्थित श्री महावीर प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विज्ञान महाविद्यालय परिसर में 1200 आम के पौधों की आम्रवाटिका विकसित करने का कार्य प्रारंभ किया गया। यह परियोजना लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में तैयार की जाएगी, जो आने वाले वर्षों में हरियाली और जैव विविधता का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दुर्ग सांसद विजय बघेल ने पौधारोपण कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने महाविद्यालय के विद्यार्थियों से प्रत्येक पौधे के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के संचालक डॉ. रमेश कुमार श्रीवास्तव, श्रीमती कुमुद श्रीवास्तव एवं डायरेक्टर प्राची श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 300 विद्यार्थियों और 200 से अधिक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लगातार हो रही बारिश के कारण सभी 1200 पौधों का रोपण एक ही दिन में संभव नहीं हो पाया, जिसे आगामी दिनों में पूरा किया जाएगा।
आर्टकॉम के डायरेक्टर निशु पाण्डेय ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति यह साबित करती है कि समाज पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि तीन वर्षों के भीतर यह आम्रवाटिका क्षेत्र की पहचान बनेगी और आने वाली पीढ़ियों को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करेगी।
सांसद विजय बघेल ने श्रीवास्तव परिवार द्वारा प्राकृतिक चिकित्सा, भारतीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि "हर आँगन एक पेड़, हर आँगन वाटर हार्वेस्टिंग" जैसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। उन्होंने इसे पूरे प्रदेश के लिए अनुकरणीय पहल बताते हुए अन्य स्थानों पर भी ऐसी फलदार वाटिकाएं विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. रमेश श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया, जबकि आर्टकॉम के संरक्षक करमजीत सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ताओं, पर्यावरण प्रेमियों, शिक्षकों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
suntimes 