दल्ली राजहरा के राखी जलाशय में हादसा, 17 वर्षीय युवक की डूबने से मौत

मृतक की पहचान मानपुर चौकी क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय आशीष कुमार के रूप में हुई

दल्ली राजहरा के राखी जलाशय में हादसा, 17 वर्षीय युवक की डूबने से मौत

बालोद जिले के दल्ली राजहरा स्थित राखी जलाशय में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना कंट्रोल रूम दुर्ग को मिलते ही SDRF दुर्ग की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर पहुंची SDRF टीम ने जलाशय में सर्च ऑपरेशन चलाया। जलाशय की गहराई अधिक होने के कारण डिप डाइविंग एक्सपर्ट की मदद ली गई। SDRF जवान राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जघेल लगभग 45 फीट गहरे पानी में उतरे और काफी प्रयासों के बाद युवक के शव को बाहर निकालने में सफलता हासिल की।

रेस्क्यू टीम ने शव को बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मृतक की पहचान आशीष कुमार (17 वर्ष) पिता झुमुकलाल निवासी खम्हार टोला, मानपुर चौकी क्षेत्र के रूप में हुई है।

इस रेस्क्यू ऑपरेशन में राजकुमार यादव, चंद्रप्रताप जघेल, राजू महानंद, आशीष, थानेश्वर और भूपेंद्र सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। SDRF टीम की तत्परता और पेशेवर कार्रवाई से सर्च ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा किया गया।