दुर्ग-भिलाई में फर्जी निवेश कंपनी का खेल, 38 लाख से अधिक की ठगी
वैशाली नगर क्षेत्र का मामला, फर्जी कंपनियों के जरिए निवेश करवाकर रकम हड़पी; पुलिस जांच तेज
दुर्ग-भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में फर्जी निवेश योजना के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को महज तीन महीने में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 38 लाख 25 हजार रुपए निवेश करवाए और बाद में फरार हो गए।
पीड़ित जयदीप सिंह कंडा (35), निवासी संतराबाड़ी (दुर्ग) की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। जांच में सामने आया कि धर्मेन्द्र कुमार बंजारे और उसके साथियों ने ए-एम-एस सॉल्यूशन और मेसर्स आर-वी ग्रुप के नाम से फर्जी कंपनियां बनाकर निवेश का जाल बिछाया था।
आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि 90 दिनों में निवेश की गई राशि दोगुनी कर दी जाएगी। झांसे में आकर पीड़ित ने कुल 38 लाख 25 हजार रुपए निवेश कर दिए। निर्धारित समय पूरा होने के बाद जब रकम वापस नहीं मिली, तो उसे ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस की शरण ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली नगर पुलिस ने तत्परता से जांच शुरू की। तकनीकी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी धर्मेन्द्र कुमार बंजारे को रायपुर के सड्डू क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे 31 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से कंपनी से जुड़े दस्तावेज और लेन-देन के साक्ष्य जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी इसी तरह अन्य लोगों को भी निशाना बना चुका है।
फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।
suntimes 