दुर्ग में पटवारी के बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों की चोरी

दुर्ग में पटवारी के बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों की चोरी

द्मनाभपुर में सूने घर से सोना-चांदी के गहने और 2.20 लाख नकद ले उड़े चोर

दुर्ग जिले में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक पटवारी के सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दुर्ग। यह चोरी 21 और 22 दिसंबर की दरमियानी रात को हुई। चोरों ने बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम दिया और सुबह होने तक किसी को भनक तक नहीं लगी। घटना दुर्ग-भिलाई रोड क्षेत्र अंतर्गत सरस्वती कुंज कॉलोनी की है।

पटवारी परिवार सहित घर से बाहर था

जानकारी के अनुसार, राजस्व विभाग में पटवारी के पद पर पदस्थ हेमंत कुमार (पिता पूनाराम), वर्तमान में गुण्डरदेही में पदस्थ हैं। उनका निवास पद्मनाभपुर के सरस्वती कुंज क्षेत्र में स्थित है।

21 दिसंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे हेमंत कुमार अपने पैतृक गांव खम्हारटोला (दल्ली राजहरा) चले गए थे, जबकि उसी दिन शाम करीब 4:30 बजे उनकी पत्नी सोनम ने घर में ताला लगाकर अपने मायके धनोरा चली गई थी।

सुबह लौटने पर टूटा मिला अंदर का ताला

22 दिसंबर की सुबह करीब 8 बजे जब सोनम घर लौटी, तो सामने के गेट का ताला सुरक्षित मिला, लेकिन अंदर का मुख्य गेट टूटा हुआ था। घर के भीतर प्रवेश करने पर सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला। ऊपर के कमरे और अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे।

सोना-चांदी के जेवर और नकदी ले गए चोर

अलमारी की जांच में सामने आया कि चोर करीब 30 ग्राम सोने का हार, 22 ग्राम के झुमके, 10 ग्राम की अंगूठियां, बच्चों के सोने के गहने, मंगलसूत्र, सोने का सिक्का, चांदी के सिक्के, कमरबंध, पायल, बिछिया, पायजेब सहित अन्य कीमती जेवरात ले गए।

इसके अलावा केनन कंपनी का कैमरा, एटीएम कार्ड, घड़ियां, आधार-पैन कार्ड और लगभग 2 लाख 20 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए गए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

पीड़ित की शिकायत पर पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

इलाके में बढ़ी चिंता, गश्त बढ़ाने की मांग

घटना के बाद कॉलोनी के रहवासियों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात की गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।