दुर्ग में 2 घंटे की बारिश ने बदला मौसम:.....थोड़ी देर गर्मी से मिली राहत फिर बढ़ी उमस.....

दुर्ग में 2 घंटे की बारिश ने बदला मौसम:.....थोड़ी देर गर्मी से मिली राहत फिर बढ़ी उमस.....

दुर्ग जिले में मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को मध्यम बारिश होने के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग की माने तो आने वाले 24 घंटे के अंदर जिले में मध्यम बारिश और बादल गरजने की संभावना है। वहीं बुधवार की दोपहर 2 घंटे तक तेज बारिश हुई। इस बारिश ने कुछ घंटे के लिए मौसम में ठंडक लाई, लेकिन उसके बाद रात में फिर से गर्मी और उमस से लोग परेशान हुए।

बुधवार दिन में तेज धूप से तापमान बढ़ा और गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया था। इसके बाद दोपहर 12 बजे के करीब बारिश होना शुरू हुई। यहां लगभग दो घंटे तक तेज और मध्यम बारिश ने पूरे शहर को पानी से तरबतर कर दिया। बारिश के चलते मौसम में ठंडक बढ़ने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। इसके बाद फिर बारिश बंद हुई और हवा भी चलना बंद हो गई। थोड़ी ही देर में फिर से भारी उमस और गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। रात में उमस और बढ़ गई। बुधवार को तापमान की बात करें तो एक दिन में ही 4 डिग्री तक बढ़कर अधिकतम 34 डिग्री सेंटीग्रेट तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेंटीग्रेट दर्ज किया गया।

दोपहर में बारिश होने से स्कूल से घर जाने वाले बच्चों ने बारिश का जमकर आनंद लिया। बच्चे स्कूटी और बाइक में बैठकर बारिश के बीच पूरे शहर में घूमते दिखे। इस दौरान अन्य कई लोग भी अपनी बाइक का पहिया ना रोककर बारिश में भीगते हुए घूमते नजर आए। एक स्कूली लड़के ने कहा कि काफी गर्मी बढ़ गई थी, बारिश ने मौसम बदला है। इसलिए वो लोग इसका आनंद ले रहे हैं।

दुर्ग जिले में सबसे तेज वर्षा और सबसे कम वर्षा वाले क्षेत्र की बात करें तो पाटन तहसील में सबसे अधिक बारिश हुई है। दुर्ग के कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्थित भू अभिलेख शाखा से मिली जानकारी के मुताबिक जिले में 1 जून से अब तक सबसे अधिक बारिश पाटन ब्लॉक में जहां 244.1 मिमी बारिश हुई है। वहीं बोरी तहसील में सबसे कम 68.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस तरह देखा जाए तो पाटन में बोरी से 175.7 मिमी अधिक बारिश हुई है। वहीं पूरे जिले में 126.1 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा तहसील दुर्ग में 86.6 मिमी, तहसील धमधा में 73.4 मिमी, तहसील भिलाई 3 में 104.0 मिमी और तहसील अहिवारा में 180.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है।