पंजाब बार के बाहर खूनी बवाल: युवकों ने दो भाइयों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वीडियो वायरल

भिलाई के सुपेला इलाके में देर रात दो गुटों में हिंसक झड़प, बीयर बोतल और लात-घूंसों से हमला; पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी

भिलाई के सुपेला क्षेत्र स्थित पंजाब बार के बाहर रविवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो गुटों के बीच शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते खूनी मारपीट में बदल गया, जिसमें दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक बेरहमी से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। मामले में वैशाली नगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

दुर्ग जिले के भिलाई नगर क्षेत्र में देर रात हुई हिंसक मारपीट की घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुपेला स्थित पंजाब बार के बाहर रविवार रात करीब 11:30 बजे दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि सड़क पर जमकर मारपीट शुरू हो गई। घटना में ज्ञानेश साहू और आशीष साहू नामक दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथी पप्पू साहू के साथ भी मारपीट की गई।

जानकारी के मुताबिक, सभी लोग पंजाब बार में शराब पीने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ युवकों के साथ विवाद शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले बार के भीतर बहस हुई, जिसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। कुछ देर बाद आशीष साहू बार से बाहर निकला, जहां पहले से मौजूद युवकों से उसकी फिर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते 3 से 4 युवक उसके पीछे बार के अंदर तक घुस गए और हमला शुरू कर दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने बीयर की बोतल से दोनों भाइयों के सिर पर वार किया और जमीन पर गिरने के बाद भी लात-घूंसों से बेरहमी से पीटते रहे। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक जान बचाने के लिए बार के अंदर भागता नजर आ रहा है, जबकि कुछ युवक लगातार हमला कर रहे हैं। वीडियो में एक घायल युवक के पैरों पर बाइक चढ़ाने की कोशिश भी दिखाई दे रही है।

हमले में ज्ञानेश साहू के सिर, हाथ, सीने, पीठ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं आशीष साहू के गले और पीठ पर चोट लगी है। दोनों घायलों का उपचार कराया गया है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। देर रात मुख्य सड़क पर हुई इस हिंसक झड़प के बाद पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल वैशाली नगर पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।