पिता की हत्या का खुलासा: मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद से परेशान बेटे ने पत्थर से सिर कुचलकर ली जान

नवागांव में घर के अंदर मिला था सड़ा-गला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज; आरोपी बेटा गिरफ्तार

पिता की हत्या का खुलासा: मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद से परेशान बेटे ने पत्थर से सिर कुचलकर ली जान

दुर्ग-भिलाई। जिले के बोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नवागांव में पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक कुलेश्वर साहू (39) की हत्या सिर पर भारी पत्थर से वार कर की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के पीछे लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक तनाव को वजह माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, कुलेश्वर साहू अपनी पत्नी, बेटे और बेटी के साथ नवागांव में रहता था। करीब छह साल से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। परिजनों के अनुसार, वह आए दिन विवाद करता था और गुस्से में घरवालों से मारपीट भी करता था। लगातार बढ़ते विवाद के चलते पत्नी, बेटा और बेटी करीब दो महीने पहले घर छोड़कर रिश्तेदारों के यहां रहने चले गए थे।

17 जून को कुलेश्वर के घर से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों और रिश्तेदारों को अनहोनी की आशंका हुई। घर के अंदर जाकर देखने पर कमरे में कुलेश्वर का सड़ा-गला शव मिला। शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी और शरीर पूरी तरह फूल गया था।

घटना की सूचना मृतक के बेटे नीलकमल साहू को दी गई, जिसके बाद वह गांव पहुंचा और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले, जिससे हत्या की आशंका मजबूत हुई।

पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। 23 जून को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने पुष्टि की कि कुलेश्वर की मौत सिर पर किसी भारी और ठोस वस्तु से किए गए वार के कारण हुई है। रिपोर्ट में मौत को हत्या बताया गया।

इसके बाद पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मिले साक्ष्यों के आधार पर शक मृतक के बेटे नीलकमल पर गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि पिता के लगातार गुस्से, विवाद और मारपीट से परिवार काफी परेशान था। इसी तनाव के चलते उसने पिता पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या की पुष्टि हुई है। विवेचना में मिले सबूतों और आरोपी के बयान के बाद नीलकमल साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।