पेंड्री हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने मवेशियों को रौंदा, 8 गायों की मौत

झुंड से टकराने के बाद दूसरे भारी वाहन में जा भिड़ा ट्रक; केबिन में फंसा चालक गंभीर घायल, हाईवे पर मवेशियों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

पेंड्री हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने मवेशियों को रौंदा, 8 गायों की मौत

राजनांदगांव। पेंड्री नेशनल हाईवे पर रविवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से करीब 8 गायों की मौत हो गई। हादसे में कई अन्य मवेशी भी घायल हुए हैं। मवेशियों को टक्कर मारने के बाद बेकाबू ट्रक आगे चल रहे एक अन्य भारी वाहन से जा भिड़ा। दुर्घटना में ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसके अंदर फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया।

मवेशियों के झुंड से टकराने के बाद भी नहीं रुका ट्रक

जानकारी के मुताबिक ट्रक क्रमांक GJ 37 V 9839 तेज गति से पेंड्री हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क पर बैठे मवेशियों का झुंड उसकी चपेट में आ गया। ट्रक की चपेट में आने से करीब 8 गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कुछ अन्य मवेशी घायल हो गए।

मवेशियों को कुचलने के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर आगे बढ़ा और सामने चल रहे भारी वाहन के पिछले हिस्से से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

केबिन में फंसा चालक, मशक्कत के बाद निकाला

दूसरे वाहन से भिड़ंत के बाद ट्रक चालक केबिन में फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। राहत दल ने काफी मशक्कत के बाद चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

हादसे के बाद मौके पर जुटे नागरिक और गौरक्षक

घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गौरक्षक मौके पर पहुंच गए। सड़क पर मवेशियों के शव पड़े होने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और सड़क से मवेशियों को हटाने की कार्रवाई की।

शहर से हाईवे की ओर मवेशी खदेड़ने का आरोप

स्थानीय लोगों ने आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि शहर में घूमने वाले मवेशियों को गौठानों या शेल्टर होम में सुरक्षित रखने के बजाय शहर की सीमा से बाहर हाईवे की ओर खदेड़ दिया जाता है। इसके कारण रात के समय सड़क पर बैठे मवेशी तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आ जाते हैं।

लोगों ने पशु चिकित्सा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि घायल मवेशियों के उपचार और हाईवे से उन्हें हटाने के लिए प्रभावी एवं स्थायी व्यवस्था नजर नहीं आती।

दो-तीन दिन पहले भी हुई थी घटना

स्थानीय नागरिकों के अनुसार पेंड्री और आसपास के हाईवे क्षेत्र में मवेशियों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। दो-तीन दिन पहले बरगा चौक के पास हुए सड़क हादसे में भी करीब 6 मवेशियों की मौत होने की बात सामने आई थी। लगातार हो रही घटनाओं से हाईवे पर मवेशियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

स्थायी समाधान और ओवरस्पीडिंग पर कार्रवाई की मांग

नागरिकों ने प्रशासन से हाईवे पर मवेशियों के प्रवेश और विचरण को रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। इसके साथ ही रात में तेज गति से दौड़ने वाले भारी वाहनों की निगरानी बढ़ाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की गई है।