फुटकर व्यापारियों को हटाने के लिए दुर्ग निगम ने 3 दिन का नोटिस जारी.....
दुर्ग. दुर्ग शहर के मुख्य मार्ग पर सालों से व्यापार कर रहे फुटकर व्यापारियों को हटाने के लिए दुर्ग निगम ने 3 दिन का नोटिस जारी किया है। इसके बाद से व्यापारी संघ में खासा आक्रोश है। इसे लेकर उन्होंने सोमवार को नगर निगम कार्यालय का घेराव किया और नोटिस को हाईकोर्ट के आदेश की अवमानना बताया है। फुटकर व्यापारी संघ इंदिरा मार्केट दुर्ग के अध्यक्ष रज्जाब अली का कहना है कि निगम पहले उन्हें उनके व्यापार करने वाले स्थान के पास ही पुनर्स्थापित करे, इसके बाद उन्हें हटाने की कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि साल 2020 में हाईकोर्ट ने सुनवाई करते हुए इस मामले में यही आदेश भी दिया था।
इसके बाद से निगम ने उन्हें हटाने की कार्रवाई नहीं की। हाईकोर्ट के आदेश को लेकर वो निगम कमिश्नर और कई कलेक्टर से मिले। पिछले कलेक्टर रहे एसएन भूरे, पुष्पेंद्र मीणा ने उनके व्यापारिक स्थल का निरीक्षण भी किया है।
उन्होंने निगम को आदेश दिया था हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक, उन्हें सही जगह देखकर व्यवस्थापित करें, लेकिन निगम के पास इतनी जगह नहीं है कि वो सभी व्यापारियों को एक साथ वहीं पर जगह दे सके। अब जब कलेक्टर और सरकार दोनों बदल गई है, तो निगम फिर से उन्हें हटाने के लिए नोटिस जारी कर रहा है।
फुटकर व्यापारी संघ इंदिरा मार्केट दुर्ग के अध्यक्ष रज्जाब अली का कहना है कि निगम को पहले सभी व्यापारियों को दूसरी जगह व्यवस्थापित करना चाहिए। निगम ने पहले भी ऐसा प्रयास किया था, लेकिन कुछ ही व्यापारियों को शिफ्ट किया जा सका। जबकि यहां पर 100 से अधिक फुटकर व्यापारी अपना कारोबार कर रहे हैं। एक साथ सभी व्यापारियों को शिफ्ट करना मुश्किल है। व्यापारी संघ का कहना है कि निगम अगर उन्हें जबरदस्ती हटाने का प्रयास करता है, तो ऐसा करना हाईकोर्ट के आदेश की अवमानना होगी। इस पर वे निगम के खिलाफ हाईकोर्ट में कोर्ट ऑफ कंटेंप्ट का केस करेंगे।
निगम ने खेली बड़ी चाल
व्यापारी संघ का कहना है कि निगम ने उनके साथ बड़ी चाल खेली है। उसने उन्हें शुक्रवार को तीन दिन का नोटिस जारी किया है, जिससे शनिवार और रविवार को व्यापारी कहीं जा ना पाएं और सोमवार को उन पर कार्रवाई की जा सके। वहीं दुर्ग निगम कमिश्नर लोकेश चंद्राकर का कहना है कि व्यापारी संघ का जवाब आएगा, तो वो उसकी जांच करेंगे और उसके बाद ही कार्रवाई करेंगे।
suntimes 