ब्रेकिंग : दुर्ग के टेमरी गांव में युवती का शव मिला: चेहरे पर पत्थर से हमला कर हत्या की आशंका

गुलाबी चुन्नी में लिपटी लाश नाले के पास मिली, पहचान छुपाने की कोशिश; पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर

दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब टेमरी गांव के पास नाले में एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ। शव गुलाबी चुन्नी में लिपटा हुआ था और चेहरे को पत्थरों से कुचल दिया गया था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया है।

दुर्ग। दुर्ग जिले से इस वक्त बड़ी खबर आई है। पुलगांव थाना अंतर्गत टेमरी गांव के पास नाले में एक युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने सबसे पहले शव को देखा, जो गुलाबी चुन्नी में लिपटा हुआ था।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण किया। जब चुन्नी हटाई गई तो सामने आया कि युवती के चेहरे पर बर्बरतापूर्वक पत्थर से वार किया गया है, जिससे उसका चेहरा पूरी तरह कुचल गया है। इस वजह से मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।

फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है और आसपास से सबूत जुटाए जा रहे हैं। प्राथमिक अनुमान है कि युवती की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है।