ब्रेकिंग न्यूज : सरकारी नौकरी का झांसा देकर 200 लड़कियां बंधक: दुर्ग की गुडवे फैशन कंपनी पर FIR, 7 आरोपी नामजद

मोबाइल छीनकर घरवालों से बात तक नहीं करने दी जाती थी

ब्रेकिंग न्यूज : सरकारी नौकरी का झांसा देकर 200 लड़कियां बंधक: दुर्ग की गुडवे फैशन कंपनी पर FIR, 7 आरोपी नामजद
  • फेसबुक-इंस्टाग्राम पर लड़कों को फंसाने का बनाया जाता था दबाव
  • सैलरी के नाम पर ठगी, 46 हजार रुपए तक वसूले गए
  • बजरंग दल की मदद से उजागर हुआ पूरा मामला

  सरकारी नौकरी का झांसा देकर करीब 200 लड़कियों को बंधक बनाकर शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुडवे फैशन प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी पर आरोप है कि युवतियों से मार्केटिंग और सोशल मीडिया पर लड़कों को फंसाने का दबाव बनाया जाता था। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों पर केस दर्ज किया है।

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का लालच देकर लड़कियों को बंधक बनाने और ठगी करने का बड़ा खुलासा हुआ है। मामला पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र का है, जहां बोरसी स्थित कदम प्लाजा में गुडवे फैशन प्राइवेट लिमिटेड के दफ्तर में 150 से 200 युवतियों को बंधक बनाकर रखा गया।

पीड़िताओं का कहना है कि उन्हें 25 से 30 हजार रुपए वेतन का लालच दिया गया था। लेकिन नौकरी के नाम पर न सिर्फ उनसे हजारों रुपए वसूले गए, बल्कि मोबाइल छीन लिए गए और घरवालों से बात करने तक की इजाजत नहीं दी गई। आधी रात को उन्हें मजबूर किया जाता था कि फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लड़कों से चैट कर उन्हें कंपनी तक बुलाएं।

एक पीड़िता ने बताया कि ट्रेनिंग के दौरान उन पर 46 हजार रुपए तक जमा कराने का दबाव बनाया गया। खाने के नाम पर दिन में सिर्फ एक मुठ्ठी चावल दिया जाता और रात 2-3 बजे तक ऑनलाइन लड़कों से बात करने को मजबूर किया जाता था। दबाव और प्रताड़ना से तंग आकर एक लड़की आत्महत्या करने जा रही थी, लेकिन बाकी ने उसे रोक लिया।

मामला तब उजागर हुआ जब एक युवती ने किसी तरह माता-पिता को जानकारी दी। इसके बाद आरएसएस और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दखल दिया। हंगामे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और 7 लोगों पर केस दर्ज किया गया।

दुर्ग CSP हर्षित मेहर ने बताया कि कंपनी नौकरी के नाम पर युवाओं से बड़ी रकम वसूलती थी और नए लोगों को जोड़ने का दबाव डालती थी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।