भजनों और कीर्तन से गूंजा सेक्टर-2, संत शिरोमणि नामदेव महाराज का समाधि सोहळा श्रद्धा-उल्लास से मनाया

हरिपाठ, अभंग और भजन-कीर्तन के बीच हुआ पूजन-अभिषेक; दही हांडी और गोपालकाला ने बांधा समां, भक्तों ने ग्रहण किया महाप्रसाद

भजनों और कीर्तन से गूंजा सेक्टर-2, संत शिरोमणि नामदेव महाराज का समाधि सोहळा श्रद्धा-उल्लास से मनाया

भिलाई। सेक्टर-2 में संत शिरोमणि नामदेव महाराज का समाधि सोहळा श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सेक्टर-2 निवासी प्रशांत कुमार क्षीरसागर के निवास पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में सुबह से ही भक्ति का वातावरण बना रहा। काकड़ आरती, मूर्ति पूजन, जलाभिषेक, पुष्प सज्जा एवं माल्यार्पण के साथ संत नामदेव महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान हरिपाठ, अभंग, भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।

सुबह से ही आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। संत शिरोमणि नामदेव महाराज की प्रतिमा को आकर्षक पुष्पों से सजाया गया। विधिवत पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और माल्यार्पण के बाद श्रद्धालुओं ने संत नामदेव महाराज के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए।

सुबह 10.30 बजे से श्री संत सेवा समिति एवं हरिपाठ मंडल, सेक्टर-2 के तत्वावधान में हरिपाठ, अभंग और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। महिला मंडलों एवं भजन मंडलियों की प्रस्तुतियों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। कविता शुक्ला एवं राधा किशोरी महिला मंडल सहित अन्य महिला मंडलों ने भजनों की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम के दौरान बालक ईशांत उरकुडे ने श्रीकृष्ण का रूप धारण कर दही हांडी कार्यक्रम में भाग लिया। मटकी फोड़ने और गोपालकाला की पारंपरिक रस्म ने उपस्थित श्रद्धालुओं में उत्साह भर दिया। इसके बाद तैयार गोपालकाला का प्रसाद भक्तों में वितरित किया गया।

कीर्तन के माध्यम से संत शिरोमणि नामदेव महाराज के जीवन, उनके भक्तिमय कार्यों और भक्ति मार्ग के संदेश पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि संत नामदेव महाराज ने भक्ति, मानवता और ईश्वर के प्रति समर्पण का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज को सद्भाव, सेवा और भक्ति की प्रेरणा देते हैं। उपस्थित श्रद्धालुओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं को गोपालकाला के साथ हलवा, पूरी, मिठाई सहित महाप्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ‘जय जय हरी विठ्ठल, जय जय पांडुरंग’ और ‘श्री संत शिरोमणि नामदेव महाराज की जय’ के जयघोष से आयोजन स्थल गूंज उठा।

इस अवसर पर उषा प्रशांत क्षीरसागर, मुरली पुसे, प्रांजली राजेश क्षीरसागर, नेहा प्रहलाद शिरसागर, राज क्षीरसागर, ईश्वर पुसे परिवार, आनंद, ज्योति, गायत्री, निलेश पुसे, पियुष, रुद्र क्षीरसागर, संजय उरकुडे, गजू उरकुडे, लक्ष्मी जिल्हारे, शालिनी वजरे, सुषमा मुलतकर, दिलीप मुलतकर, आदेश संजोग किटे, रायपुर मंडल के भजन मंडल एवं महिला टीम सहित बड़ी संख्या में नामदेव समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे।