भिलाई और जामुल में दो सड़क दुर्घटनाएं, दो युवकों की दर्दनाक मौत

इंदु आईटी के पास एमबीबीएस छात्र की मौत, विश्वकर्मा चौक पर पल्सर सवार युवक की डिज़ायर कार से भिड़ंत में मौके पर ही जान गई

भिलाई और जामुल क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। एक हादसा इंदु आईटी के पास हुआ, जिसमें एमबीबीएस का छात्र सादन अली की जान चली गई, जबकि दूसरा हादसा जामुल के विश्वकर्मा चौक के पास हुआ, जिसमें पल्सर बाइक सवार युवक करण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

भिलाई-जामुल। भिलाई और जामुल इलाके में सोमवार को दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। पहला हादसा इंदु आईटी कॉलेज के पास हुआ, जहां तालपुरी निवासी सादन अली, पिता सकील हुसैन, की सड़क दुर्घटना में मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक एमबीबीएस का छात्र था और पढ़ाई के सिलसिले में वह बाहर निकला था।

वहीं दूसरी घटना जामुल के एमपीबी विश्वकर्मा चौक के पास घटी, जहां पल्सर 160 बाइक पर सवार दो युवक तेज़ रफ्तार में चल रही डिज़ायर कार से भिड़ गए। इस भीषण टक्कर में करण सिंह, निवासी जामुल, की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दोनों ही हादसों से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।