भिलाई के 70 वार्डों पर भाजपा की नजर, बूथ से लेकर घर-घर संपर्क तक बनी रणनीति

संगठन की बैठक में नेताओं ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र; 29 नवंबर से चुनावी अभियान, 5 से 9 दिसंबर तक चलेगा घर-घर संपर्क

भिलाई के 70 वार्डों पर भाजपा की नजर, बूथ से लेकर घर-घर संपर्क तक बनी रणनीति

दुर्ग-भिलाई। भिलाई नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज करते हुए सभी 70 वार्डों में जीत का लक्ष्य तय किया है। सोमवार को आयोजित संगठनात्मक बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को बूथ मजबूत करने, मतदाताओं से सीधा संवाद बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने की रणनीति बताई। बैठक में प्रदेश संगठन से लेकर मंत्री, सांसद, विधायक और पूर्व वरिष्ठ पदाधिकारी तक एक मंच पर नजर आए।

बूथ को बनाया जीत का आधार

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में प्रत्याशी और कार्यकर्ता मतदाताओं के सीधे संपर्क में रहते हैं। इसलिए चुनाव के समय ही सक्रिय होने के बजाय पूरे वर्ष जनता के बीच रहना जरूरी है। लोगों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए सक्रिय रहने वाले कार्यकर्ता ही संगठन की मजबूत नींव तैयार करते हैं।

उन्होंने कहा कि बूथ मजबूत होने पर चुनावी प्रबंधन आसान हो जाता है। इसके लिए समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन से जोड़ने और मतदाताओं तक लगातार पहुंच बनाए रखने की जरूरत है।

29 नवंबर से शुरू होगा अभियान

बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। कर्मवीर सिंह ने बताया कि 29 नवंबर को सभी बूथों पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम आयोजित होगा। 4 दिसंबर को घरों पर भाजपा का झंडा लगाने का अभियान चलेगा। इसके बाद 5 से 9 दिसंबर तक घर-घर संपर्क, नुक्कड़ सभाओं और सामाजिक बैठकों के जरिए मतदाताओं से संवाद किया जाएगा।

नेताओं ने कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह

बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने की। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति विश्वास बनाए रखने और आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर चुनावी अभियान में जुटने की अपील की। उन्होंने युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों को बूथ स्तर पर सक्रिय करने तथा सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।

एक-एक वोट को बताया निर्णायक

पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने कहा कि कई वार्डों में चुनावी नतीजे बेहद कम अंतर से तय हुए हैं। इसलिए प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर पार्टी की उपलब्धियां बताने और मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क मजबूत करने को कहा।

70 वार्ड और महापौर पद लक्ष्य में

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिला समर्थन निकाय चुनाव में भी कायम रखना होगा। इसके लिए बूथ समितियों, शक्ति केंद्रों और वार्ड स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। उन्होंने सभी 70 वार्डों के साथ महापौर पद पर जीत के लक्ष्य को लेकर एकजुट होकर काम करने की अपील की।

संगठन ने चुनाव के लिए खुद को तैयार बताया

क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं व विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने कहा कि निकाय चुनाव में प्रत्याशी का व्यवहार, जनता के साथ उसका व्यक्तिगत संपर्क और काम करने की शैली महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने कहा कि सभी मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ समितियां चुनाव के लिए तैयार हैं।