भिलाई टाउनशिप में आवास विवाद भड़का, बीएसपी नीति के खिलाफ सड़कों पर उतरे सैकड़ों लोग
रिटेंशन व्यवस्था और नोटिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन; मेन गेट की ओर मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की
भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) की टाउनशिप आवास व्यवस्था को लेकर असंतोष अब खुलकर सड़क पर दिखाई देने लगा है। रिटेंशन व्यवस्था में बदलाव और आवास खाली करने के नोटिसों के विरोध में शनिवार शाम बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी, उनके परिजन और स्थानीय नागरिक प्रदर्शन के लिए जुटे। ‘भिलाई को बचाना है’ अभियान के तहत निकाले गए मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बीएसपी मेन गेट की ओर बढ़ने की कोशिश की, जिसे पुलिस और CISF ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान करीब एक घंटे तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
रिटेंशन व्यवस्था पर सबसे अधिक नाराजगी
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस्पात मंत्रालय को भेजे गए प्रस्ताव में रिटेंशन व्यवस्था को लेकर स्पष्ट प्रावधान नहीं होने से टाउनशिप में वर्षों से रह रहे परिवारों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। उनका आरोप है कि मोनेटाइजेशन नीति के तहत रिटेंशन व्यवस्था समाप्त करने की तैयारी की जा रही है, जिससे बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित होंगे।
लाइसेंस और लीज प्रक्रिया को लेकर भी सवाल
सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि लाइसेंस वाले मकानों पर लगातार नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जबकि लीज पर दिए गए मकानों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया धीमी है। उनका कहना है कि वर्षों तक बीएसपी में सेवा देने के बाद अब आवास संबंधी अनिश्चितता उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से प्रभावित कर रही है।
10 हजार परिवारों पर असर की आशंका
स्थानीय नागरिकों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि टाउनशिप के बड़े हिस्से को खाली कराने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन लगातार जारी नोटिसों से लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि यदि नीति में बदलाव हुआ तो 10 हजार से अधिक परिवार प्रभावित हो सकते हैं।
मुर्गा चौक से मेन गेट तक निकला मार्च
सेक्टर-1 स्थित मुर्गा चौक से शुरू हुए मार्च में 500 से अधिक लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारी बीएसपी मेन गेट तक पहुंचकर आवास नीति, रिटेंशन व्यवस्था, लीज रजिस्ट्रेशन और कथित निजीकरण के विरोध में नारेबाजी करते रहे।
सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश, पुलिस से झूमाझटकी
प्रदर्शन को देखते हुए बीएसपी मेन गेट के आसपास भारी पुलिस बल और CISF के जवान तैनात किए गए थे। तीन स्तरीय बैरिकेडिंग के बीच प्रदर्शनकारी पहले सुरक्षा घेरे को पार कर आगे बढ़े, लेकिन दूसरे बैरिकेड पर उन्हें रोक दिया गया। कुछ युवाओं ने बैरिकेड पर चढ़ने और उसे पार करने की कोशिश की, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
विधायक ने आंदोलन को दिया समर्थन
प्रदर्शन में शामिल भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि टाउनशिप के आवासों को खाली कराने की किसी भी कोशिश का विरोध किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि हजारों परिवारों के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रहेगा और प्रभावित परिवारों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
suntimes 