भिलाई में पेप्सी कंपनी के सेल्स मैनेजर पर जानलेवा हमला

गोदाम के सामने पार्टी कर रहे युवकों ने लाठी-डंडे, कुर्सी और ईंट से की पिटाई

भिलाई में पेप्सी कंपनी के सेल्स मैनेजर पर जानलेवा हमला

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में गुंडागर्दी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गोदाम के सामने पार्टी कर रहे युवकों को लाइट बंद करना इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने पेप्सी कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर समेत चार लोगों पर लाठी-डंडे, कुर्सी, लात-घूंसे और ईंट से हमला कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

गोदाम में चल रही थी कंपनी की बैठक

पेप्सी कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर रवि रंजन (42) ने पुलिस को बताया कि वह शास्त्री चौक, कैम्प-1 के निवासी हैं। 25 जनवरी की रात करीब 9:15 बजे वह भिलाई डिस्ट्रीब्यूटर अंकित यादव के सुंदरनगर स्थित गोदाम में थे। उनके साथ दीपक शर्मा, अभिलाष पुरोहित, अमित गुप्ता और शिव कुमार साहू मौजूद थे। सभी लोग कंपनी से जुड़े कामकाज को लेकर चर्चा कर रहे थे।

पार्टी के शोर से बिगड़ा माहौल

गोदाम के पास ही कुछ युवक पार्टी कर रहे थे। पार्टी के दौरान वे आपस में झगड़ा करने लगे और गाली-गलौज शुरू हो गई। शोर-शराबा बढ़ता देख रवि रंजन और उनके साथियों ने गोदाम परिसर के बाहर की लाइट बंद कर दी।

लाइट बंद होते ही भड़के आरोपी

लाइट बंद होने पर पार्टी कर रहे युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। कुछ देर बाद वे दोबारा लौटे, जिनमें से दो युवकों को मोनू और अभिषेक के नाम से पुकारा जा रहा था। उनके साथ अन्य साथी भी थे। आरोप है कि सभी ने जान से मारने की धमकी देते हुए डंडा और चाकू लेकर हमला कर दिया।

सिर पर डंडे से वार, जमीन पर गिरा मैनेजर

हमलावरों ने डंडे से रवि रंजन के सिर पर वार किया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी आरोपियों ने उन्हें कुर्सी, लात-घूंसे और ईंट-पत्थरों से बेरहमी से पीटा। हमले में अन्य कर्मचारी भी घायल हो गए।

ऑफिस में घुसकर बचाई जान

जान बचाने के लिए सभी लोग गोदाम के बगल स्थित ऑफिस में भागकर घुस गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। आरोपियों ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश भी की। इतना ही नहीं, बाहर खड़ी बोलेरो पिकअप का शीशा तोड़ दिया, दीपक शर्मा की बुलेट बाइक की वाइजर तोड़ दी और चाबी निकाल ली। गोदाम के बाहर लगा बिजली मीटर भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

चार लोग घायल, आरोपियों की तलाश जारी

इस हमले में रवि रंजन, अंकित गुप्ता, दीपक शर्मा और अभिलाष पुरोहित घायल हुए हैं। पीड़ित की शिकायत पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने मोनू, अभिषेक और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और वायरल वीडियो के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।a