भिलाई में हनुमान जयंती पर मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद, निगम की कार्रवाई से बढ़ा तनाव

रात में स्थापित प्रतिमा हटाने पहुंची निगम टीम, हिंदू संगठनों ने FIR की मांग को लेकर किया विरोध प्रदर्शन

भिलाई में हनुमान जयंती पर मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद, निगम की कार्रवाई से बढ़ा तनाव

भिलाई। हनुमान जयंती के मौके पर नेहरू नगर स्थित एक गार्डन में रात के समय स्थापित की गई हनुमान जी की प्रतिमा को लेकर बुधवार देर रात विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलने पर भिलाई नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और कथित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए प्रतिमा को वहां से हटा दिया।

इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर तनाव बढ़ गया। हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि प्रतिमा को हटाने के दौरान उसे क्षति पहुंचाई गई, जबकि निगम प्रशासन का कहना है कि बिना अनुमति रात में प्रतिमा स्थापित की गई थी और गार्डन की बाउंड्री को भी नुकसान पहुंचाया गया था।

विवाद बढ़ने पर विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता सुपेला थाने पहुंचे और नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग को लेकर करीब तीन घंटे तक धरने पर बैठे रहे। इस दौरान थाने के बाहर नारेबाजी और हंगामा भी हुआ।

मौके पर पहुंचे भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर आवेदन देने को कहा, लेकिन संगठन के लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।

संगठनों का कहना है कि हनुमान जयंती के मद्देनजर उन्होंने प्रतिमा हटाने के लिए 24 घंटे का समय मांगा था और इसकी जानकारी निगम को लिखित रूप में दी गई थी। इसके बावजूद तत्काल कार्रवाई किए जाने से उनमें नाराजगी है।

वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि बिना विधिवत प्रक्रिया के प्रतिमा स्थापित करना नियमों के विरुद्ध है। सीएसपी ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ विधिसम्मत कदम उठाए जाएंगे।

नगर निगम की ओर से भी गार्डन की बाउंड्री को नुकसान पहुंचाने के मामले में FIR दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया के तहत की गई है।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।