महादेवघाट में आस्था का सैलाब, 1705 गणपति प्रतिमाएं विसर्जित

अनंत चतुर्दशी पर बारिश बनी रही, फिर भी सुबह से पहुंचे श्रद्धालु; बड़ी प्रतिमाओं के लिए भी जारी रहा विसर्जन का क्रम

महादेवघाट में आस्था का सैलाब, 1705 गणपति प्रतिमाएं विसर्जित

रायपुर। अनंत चतुर्दशी पर राजधानी रायपुर में गणपति बप्पा को विदाई देने श्रद्धालुओं की भीड़ महादेवघाट पहुंची। सुबह से हो रही बारिश के बीच भी गणेश प्रतिमाएं लेकर लोग विसर्जन कुंड तक पहुंचते रहे। दोपहर 2 बजे तक 1705 प्रतिमाओं का विसर्जन हो चुका था। इनमें 1494 छोटी तथा 211 बड़ी प्रतिमाएं शामिल रहीं।

महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद गणपति प्रतिमाओं को विसर्जित किया। बारिश के बावजूद परिवारों और विभिन्न समूहों की आवाजाही लगातार बनी रही। दोपहर के बाद भी प्रतिमाओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

गणपति को विदाई देने परिवार के साथ पहुंचे सुनील सोनी

रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी अपने परिवार के साथ घर की गणपति प्रतिमा लेकर महादेवघाट पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया। इस अवसर पर उन्होंने शहरवासियों को अनंत चतुर्दशी की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित विसर्जन कुंड का ही उपयोग करने की अपील की। साथ ही सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से प्रतिमाओं के विसर्जन में सहयोग करने की बात कही।

अधिकारियों से ली व्यवस्था की जानकारी

विसर्जन स्थल पर विधायक ने नगर निगम की ओर से की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जोन-8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल और कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा से श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ की आवाजाही और विसर्जन व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।

महादेवघाट में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और नगर निगम की टीमों की मौजूदगी में विसर्जन प्रक्रिया आगे बढ़ती रही।