मां के प्रेमी की फावड़े से हत्या, दोनों बेटों को पुलिस ने दबोचा

नंदिनी थाना क्षेत्र का मामला, लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर बेटों में लंबे समय से था विवाद

 नंदिनी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक महिला के बेटों ने अपनी ही मां के प्रेमी की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दुर्ग। दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात घरेलू विवाद से उपजे एक सनसनीखेज मामले ने पूरे इलाके को हिला दिया। अहिवारा निवासी एक महिला के बेटों ने अपनी मां के प्रेमी बलविंदर पर फावड़े से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।

जानकारी के मुताबिक, महिला कुछ माह पूर्व अपने पति से अलग हो गई थी और अहिवारा में ही बलविंदर नामक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बेटों को यह संबंध बिल्कुल मंजूर नहीं था और इसी बात को लेकर अक्सर घर में विवाद होता रहता था।

मंगलवार की रात भी इसी मुद्दे पर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर दोनों बेटों ने पास रखे फावड़े से बलविंदर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बलविंदर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी अभिषेक झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह घरेलू विवाद और मां के रिश्ते को लेकर बेटों की नाराजगी सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।