रायपुर में विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की पहल, विश्वविद्यालयों को दिए अहम निर्देश
कलेक्टर-एसपी की बैठक में हॉस्टल, पीजी और निजी आवास में रह रहे विदेशी छात्रों की सुरक्षा पर मंथन
रायपुर। विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने विश्वविद्यालयों को अपनी व्यवस्थाएं और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा की मौजूदगी में हुई बैठक में विदेशी छात्रों के आवास, आवागमन, संस्थागत जिम्मेदारियों और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।
रायपुर में उच्च शिक्षा के लिए अलग-अलग देशों से आए विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की। बैठक का मुख्य उद्देश्य विदेशी विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय स्तर पर कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना रहा।
बैठक में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने संस्थानों के प्रतिनिधियों से विद्यार्थियों के आवास और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ क्षेत्र में रहने वाले स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा भी प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
अधिकारियों ने कहा कि विदेशी विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करने के उद्देश्य से भारत आते हैं। इसलिए विश्वविद्यालयों और संबंधित शैक्षणिक संस्थानों को उनके लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और अनुकूल माहौल सुनिश्चित करना चाहिए। इसके लिए संस्थानों और स्थानीय प्रशासन-पुलिस के बीच नियमित संपर्क और समन्वय आवश्यक है।
बैठक में विशेष रूप से उन विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था पर जोर दिया गया, जो विश्वविद्यालय या कॉलेज के हॉस्टल में न रहकर निजी मकान, पीजी अथवा अन्य स्थानों पर निवास कर रहे हैं। संस्थानों को ऐसे विद्यार्थियों को 15 से 30 दिनों के भीतर संस्थान द्वारा उपलब्ध या संस्थान से संबद्ध सुरक्षित छात्रावास में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने संस्थानों से कहा कि विद्यार्थियों की जरूरत और सुविधा के साथ स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाए। साथ ही आवासीय व्यवस्था को सुरक्षित और सुव्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
suntimes 