रायपुर में 10 लाख का गुटखा जब्त, खमतराई के यार्ड पर पुलिस की बड़ी रेड

रायपुर में 10 लाख का गुटखा जब्त, खमतराई के यार्ड पर पुलिस की बड़ी रेड

नॉर्थ जोन पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई, फूड सेफ्टी विभाग ने लिए सैंपल; नेटवर्क की जांच शुरू

राजधानी रायपुर में अवैध गुटखा भंडारण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खमतराई क्षेत्र के एक यार्ड से करीब 10 लाख रुपये मूल्य का गुटखा जब्त किया है। संयुक्त टीम ने दबिश देकर भारी मात्रा में स्टॉक बरामद किया, जिसे बोरियों में छिपाकर रखा गया था।

रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र में अवैध रूप से गुटखा भंडारण की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच नॉर्थ जोन पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने बुधवार को संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने एक यार्ड में छापा मारकर करीब 10 लाख रुपये कीमत का गुटखा बरामद किया। पुलिस को सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गुटखा डंप कर सप्लाई किया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) मयंक गुर्जर ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी खमतराई को जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद गठित टीम ने यार्ड में दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में गुटखा बोरियों के भीतर छिपाकर रखा मिला। फिलहाल गोदाम संचालक से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह स्टॉक कहां से लाया गया और किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था।

असली या नकली, होगी जांच

जब्त गुटखा असली है या नकली और क्या यह स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप है, इसकी पुष्टि के लिए फूड सेफ्टी विभाग को मौके पर बुलाया गया। विभागीय अधिकारियों ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।