वरिष्ठ पत्रकार आसिफ इकबाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
विशाखापत्तनम में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की कार्यकारिणी बैठक, आठ राज्यों के 400 से अधिक पत्रकार हुए शामिल
रायपुर। आंध्रप्रदेश के विशाखापत्तनम में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की 13वीं कार्यकारिणी बैठक में रायपुर के वरिष्ठ श्रमजीवी पत्रकार आसिफ इकबाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें शॉल, स्मृति चिन्ह और 11 हजार रुपए की सम्मान राशि प्रदान की गई। समारोह में आठ राज्यों से पहुंचे 400 से अधिक श्रमजीवी पत्रकार मौजूद रहे।
विशाखापत्तनम में दो दिवसीय आयोजन
आंध्रप्रदेश विश्वविद्यालय के डॉ. वाईवीएस मूर्ति ऑडिटोरियम में 16 और 17 सितंबर को आयोजित बैठक का संयोजन नव आंध्रप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से पहुंचे पत्रकारों के साथ कई प्रतिष्ठित अतिथियों ने हिस्सा लिया।
1971 से पत्रकारिता में सक्रिय हैं आसिफ इकबाल
कार्यक्रम के दौरान संघ के संस्थापक-सचिव शाहनवाज हसन ने पत्रकारिता में वर्ष 1971 से सक्रिय रायपुर, छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ श्रमजीवी पत्रकार आसिफ इकबाल के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्हें लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड देने की घोषणा की। घोषणा होते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
शॉल, स्मृति चिन्ह और 11 हजार रुपए से सम्मान
मुख्य अतिथि एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य जीवीएल नरसिम्हा राव, संघ के संस्थापक-सचिव शाहनवाज हसन, नव आंध्रप्रदेश पत्रकार संघ के वीरभद्र राव, महासचिव गिरधर शर्मा और भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार कृष्णमोहन झा ने आसिफ इकबाल को शॉल, स्मृति चिन्ह और 11 हजार रुपए की सम्मान राशि प्रदान की।
देशभर से पत्रकारों ने दी बधाई
सम्मान समारोह के दौरान विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों ने आसिफ इकबाल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर भिलाई के केवीटी श्रीधर राव, उत्तराखंड की गायत्री, पश्चिम बंगाल के शुभेंदु चटर्जी, चित्तूर के अली खान, तमिलनाडु के विकी पंजवानी, लवलेश द्विवेदी, रायपुर के शेख आबिद, विशाखापत्तनम के राघवेंद्र मिश्रा, साहेबगंज के अरविंद ठाकुर और रांची के नजरुल इस्लाम सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
पत्रकारिता के लंबे सफर को मिला सम्मान
कार्यक्रम में आसिफ इकबाल को मिला सम्मान उनके लंबे पत्रकारिता अनुभव और श्रमजीवी पत्रकारिता में योगदान के प्रति संघ की सराहना के रूप में देखा गया। सम्मान के बाद उपस्थित पत्रकारों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
suntimes 