वरिष्ठ IPS अधिकारी प्रखर पांडेय का निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर

रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर में ली अंतिम सांस, सोमवार को भिलाई में होगा अंतिम संस्कार

वरिष्ठ IPS अधिकारी प्रखर पांडेय का निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस सेवा के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित आईपीएस अधिकारी प्रखर पांडेय का रविवार सायं हृदयाघात के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से पुलिस विभाग और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

रायपुर। भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी एवं वर्तमान में पुलिस मुख्यालय रायपुर में उप पुलिस महानिरीक्षक के पद पर सीआईडी विभाग में पदस्थ प्रखर पांडेय (55 वर्ष) का रविवार सायं लगभग 4:15 बजे रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल, रायपुर में निधन हो गया। बीते दिनों दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें भिलाई से रायपुर लाकर उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

प्रखर पांडेय का पुलिस सेवा में लंबा और प्रभावशाली कार्यकाल रहा। वे कबीरधाम, सूरजपुर और दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके थे। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री सुरक्षा अधिकारी के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में उन्होंने बिलासपुर और राजनांदगांव में कार्य किया, वहीं एसडीओपी के रूप में चांपा और कोटा (बिलासपुर) में भी अपनी सेवाएं दीं।

छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में प्रखर पांडेय की पहचान एक अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और संवेदनशील अधिकारी के रूप में थी। उनके असामयिक निधन को विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण एसोसिएशन सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

स्वर्गीय प्रखर पांडेय का अंतिम संस्कार सोमवार, 15 दिसंबर को भिलाई में किया जाएगा।