विधायक रिकेश सेन के राखी महोत्सव में उमड़ा बहनों का सैलाब, भावनाओं से भरा आयोजन

लोकांगन परिसर में हुआ भव्य आयोजन, देशभर से आईं बहनों ने विधायक को बांधी राखी, स्नेह में डूबा रहा माहौल

दुर्ग के वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में रक्षाबंधन का पर्व इस बार सिर्फ त्योहार नहीं, एक भावनात्मक जुड़ाव और जनसंपर्क का अनूठा प्रतीक बन गया। विधायक रिकेश सेन द्वारा आयोजित वार्षिक राखी महोत्सव में देशभर से आईं हजारों बहनों ने उन्हें राखी बांधी और अपने “विधायक भाई” के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दुर्ग । रक्षाबंधन के पावन पर्व पर वैशाली नगर विधानसभा के विधायक रिकेश सेन द्वारा एक बार फिर राखी महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भिलाई के लोकांगन परिसर में आयोजित हुआ, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से आईं बहनों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया।

बहनों की लंबी कतारें, सजी-धजी राखियां और भावनाओं से ओतप्रोत माहौल ने आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद बहनों ने एक-एक करके विधायक सेन को तिलक लगाया, राखी बांधी और मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया।

इस भावुक पल के दौरान कुछ बहनों की आंखें नम थीं तो कुछ चेहरे खुशी से दमक रहे थे। विधायक सेन ने इस अवसर पर कहा —
"यह आयोजन केवल रक्षाबंधन नहीं, मेरे लिए बहनों के स्नेह का पर्व है। ये रिश्ता अब केवल एक विधायक और जनता का नहीं, बल्कि भाई-बहन जैसा आत्मीय बंधन है।" आयोजन में हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे और पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

"राखी महोत्सव मेरे लिए केवल परंपरा नहीं, भावना है। बहनों का स्नेह और आशीर्वाद मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। मैं यह प्रयास हर साल करता रहूंगा।"
- रिकेश सेन, विधायक, वैशाली नगर विधानसभा