वोटिंग के बीच सियासी गर्मी: पुडुचेरी में टकराव, केरल में बयानबाजी
असम में 84% से ज्यादा, केरल में 75% और पुडुचेरी में 86% मतदान
गुवाहाटी/तिरुवनंतपुरम/पुडुचेरी (ए)। देश के तीन राज्यों—असम, केरल और पुडुचेरी में गुरुवार को विधानसभा चुनाव के लिए एक ही चरण में मतदान हुआ। कुल 296 सीटों पर हो रहे मतदान में मतदाताओं का उत्साह साफ नजर आया। शाम 5 बजे तक असम में 84.42%, केरल में 75.01% और पुडुचेरी में 86.92% मतदान दर्ज किया गया।
मतदान के दौरान पुडुचेरी के मन्नादिपेट क्षेत्र में एक पोलिंग बूथ पर कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिससे वहां कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी मतदान के लिए मोटरसाइकिल से पोलिंग बूथ पहुंचे, जो चर्चा का विषय बना रहा।
केरल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी ने तिरुवनंतपुरम में मतदान किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि केरल की जनता भाजपा को स्वीकार नहीं करती और राज्य में बदलाव तय है।
वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने गुवाहाटी स्थित कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की और इसके बाद पत्नी के साथ जालुकवारी में मतदान किया।
असम में 126 सीटों पर 41 राजनीतिक दलों के 722 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि केरल में 2.71 करोड़ मतदाता 890 उम्मीदवारों में से अपना प्रतिनिधि चुन रहे हैं। पुडुचेरी में 20 दलों के 294 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। खास बात यह है कि तीनों राज्यों में 10 लाख से अधिक मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
केरल में 70 वर्षों में पहली बार कोई मुख्यमंत्री लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए चुनाव लड़ रहा है। वहीं असम में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में है। पुडुचेरी में एन. रंगास्वामी पांचवीं बार सत्ता हासिल करने की जंग लड़ रहे हैं।
मतदान के दौरान कुछ अनोखे दृश्य भी देखने को मिले। पुडुचेरी में एक मतदान केंद्र पर रोबोट द्वारा मतदाताओं का स्वागत किया गया, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं असम के बरपेटा जिले में सुबह तेज बारिश के कारण मतदान प्रक्रिया कुछ समय के लिए प्रभावित हुई।
suntimes 