सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई पर उज्जैन में तनाव, मस्जिद के हिस्से को हटाने का विरोध
पुलिस पर पथराव के बाद आंसू गैस का इस्तेमाल, महिलाओं के प्रदर्शन के दौरान थाना प्रभारी घायल
उज्जैन (ए)। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण को लेकर सोमवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। शाही मस्जिद के कुछ हिस्से को हटाए जाने के विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस पर पथराव हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल कर भीड़ को नियंत्रित किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के चक्काजाम को हटाने पहुंचीं क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी पुष्पा पांचाल घायल हो गईं।
सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर उज्जैन में प्रमुख मार्गों को चौड़ा करने की तैयारी चल रही है। इसी क्रम में कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। सड़क की सीमा में आने वाले निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया प्रशासन की ओर से की जा रही है।
सोमवार को शाही मस्जिद के कुछ हिस्से को हटाने की कार्रवाई के विरोध में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। देखते ही देखते मौके पर विवाद की स्थिति बन गई। प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। जवाब में पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।
इसी दौरान महिलाओं ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने उन्हें हटाने का प्रयास किया। चक्काजाम खत्म कराने की कार्रवाई के दौरान क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी पुष्पा पांचाल घायल हो गईं।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए अतिरिक्त बल भी तैनात किया। मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई को लेकर न्यायालय में भी मामला विचाराधीन है। सोमवार को हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में इस प्रकरण पर सुनवाई होनी है।
प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण का काम सिंहस्थ की तैयारियों का हिस्सा है। वहीं, कार्रवाई से प्रभावित पक्ष की ओर से इसका विरोध किया जा रहा है।
suntimes 