यूपी में बाढ़ का असर, वाराणसी के घाट डूबे

गंगा-घाघरा समेत 6 नदियां खतरे के पार; छतों पर हो रहे अंतिम संस्कार और गंगा आरती, दिल्ली में भी बारिश का दौर

यूपी में बाढ़ का असर, वाराणसी के घाट डूबे

यूपी में मानसून की तेज बारिश अब बाढ़ का रूप लेने लगी है। गंगा-घाघरा समेत छह नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है और 13 जिलों में हालात बिगड़ने लगे हैं। वाराणसी में गंगा का पानी शहर के सभी 84 घाटों तक पहुंच गया है। धार्मिक अनुष्ठानों से लेकर अंतिम संस्कार तक के लिए लोगों को घाटों की छतों का सहारा लेना पड़ रहा है।

नई दिल्ली (ए)। उत्तर प्रदेश में बीते कई दिनों से जारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। गंगा और घाघरा समेत छह नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इसका असर 13 जिलों में नजर आ रहा है। लखनऊ और बाराबंकी समेत पांच शहरों में शनिवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहा।

वाराणसी में बाढ़ की स्थिति का सबसे ज्यादा असर घाटों पर दिखाई दे रहा है। गंगा का पानी बढ़ने से शहर के सभी 84 घाट जलमग्न हो गए हैं। मणिकर्णिका घाट पर निचले हिस्से में पानी भरने के बाद छत पर अंतिम संस्कार की व्यवस्था की गई है। दशाश्वमेध घाट पर भी पानी पहुंचने के कारण गंगा आरती छत पर कराई जा रही है।

दिल्ली में टूटा अगस्त की औसत बारिश का आंकड़ा

दिल्ली में शुक्रवार रात से बारिश रुक-रुककर जारी है। मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, 21 अगस्त तक सफदरजंग में 235.3 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। अगस्त में सामान्य बारिश का आंकड़ा 233.1 मिमी है। यानी महीना पूरा होने से पहले ही सामान्य औसत पार हो गया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार-रविवार को भी बारिश होने की संभावना है।

राजस्थान में बारिश थमी, पारा 40 के करीब

राजस्थान में मानसून की रफ्तार कम होने से मौसम का मिजाज बदल गया है। शुक्रवार को 15 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट था, लेकिन 11 जिलों में बारिश के बजाय तेज धूप रही। शेष चार जिलों में भी बारिश 10 मिमी से कम रही। इससे गर्मी के साथ उमस बढ़ गई। श्रीगंगानगर में तापमान 39.9 डिग्री और चूरू में 39 डिग्री तक पहुंच गया।

एमपी में बारिश के लिए सिस्टम सक्रिय

मध्य प्रदेश में तीन मौसम प्रणालियों के सक्रिय रहने से कई इलाकों में बारिश का दौर बना हुआ है। रीवा-सीधी क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र, उत्तर-पूर्वी हिस्से में मानसून ट्रफ और दक्षिण-पश्चिमी एमपी में चक्रवाती परिसंचरण बना है। इसके प्रभाव से सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश हो सकती है। 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।