सावन के पहले सोमवार शिव मंदिरों में हुआ रुद्राभिषेक.....शिवनाथ घाट में भक्तों की लगी भीड़....

सावन के पहले सोमवार में शहर के शिवालयों और शिवनाथ नदी के तट पर शिवभक्त की भीड़ उमड़ी है। मंदिरों में सुबह से ही पंचाक्षरी मंत्र के साथ भक्त शिवलिंग का जलाभिषेक कर रहे हैं। इसके साथ ही शहर के टाउनशिप और भिलाई के बड़े मंदिरों में भी भक्त पूरी श्रृद्धा के साथ जलाभिषेक करने पहुंच रहे हैं।
दुर्ग भिलाई के लगभग सभी शिव मंदिरों में सुबह से भोलेनाथ को मनाने के लिए उनके भक्त पहुंच रहे हैं। भक्त महादेव का दूध, दही, शहद, घी, फलों के रस, शक्कर, मंदार के फूल, धतूर, भांग, धूप दीप आदि से अभिषेक व पूजन कर भोलेनाथ के जयकारे लगा रहे हैं। शहर के बैंकुठधाम, नेहरूनगर भेलवा तालाब मंदिर, सेक्टर 7 तालाब स्थित शिवमंदिर, जलकंठेश्वर मंदिर, दुर्ग स्थित पशुपतिनाथ मंदिर, शिवनाथ नदी स्थित शिवमंदिरों में विशेष पूजन व रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। सावन का पहला सोमवार काफी शुभ होता है। इस दिन जो भी भक्त पूरी भक्ती और श्रृद्धा के साथ भगवान शिव को एक लोटा जल चढ़ाता है उसकी मन्नत भगवान जरूर पूरा करते हैं।