सौरभ चंद्राकर के बाद रवि उप्पल पर भी ईनाम घोषित:महादेव सट्टा एप के दोनों हैं मास्टर माइंड, रवि के ऊपर 35 हजार का इनाम घोषित

आनलाइन सट्टा महादेव एप मामले में फरार चल रहा आरक्षक क्रमांक 99 अर्जुन सिंह यादव को एसपी दुर्ग ने पहले पुलिस की सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। मंगलवार को कार्यभार ग्रहण करते ही पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने जांच प्रतिवेदन के आधार पर आरक्षक को पुलिस की सेवा से बर्खास्त करने के आदेश पर हस्ताक्षर किए। आरक्षक के खिलाफ विभागीय जांच चल रही थी। जिसके आधार पर 27 फरवरी 2023 को दुर्ग आरआइ की तरफ से आरोप पत्र जारी किया गया था। उसके बाद ये कार्रवाई की गई है।
महादेव गेमिंग एप के संचालक सौरभ चंद्राकर के बाद पुलिस ने अब रवि उप्पल के सिर पर भी इनाम की घोषणा कर दी है। दुर्ग रेंज के आइजी राम गोपाल गर्ग व एसपी जितेंद्र शुक्ला ने रवि उप्पल को पकड़वाने वाले को 35 हजार का इनाम दिए जाने की घोषणा की है। जानकारी देने वाले का नाम पता गोपनीय रखा जाएगा।
आपको बता दें कि महादेव गेमिंग एप के संचालक सौरभ चंद्राकर के ऊपर आईजी दुर्ग ने दो दिन पहले ही 25 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया था। अब यह ईनाम रवि उप्पल को पकड़वाने वाले के लिए घोषित किया गया है। जो भी व्यक्ति रवि के बारे ठोस जानकारी देगा उसे पुलिस 35 हजार रुपए इनाम देगी। दुर्ग रेंज के आइजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि महादेव सट्टा एप का प्रकरण काफी गंभीर है। इसके मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर व रवि उप्पल फरार हैं। उनके बारे में कोई भी जानकारी जो भी व्यक्ति देगा और उनकी गिरफ्तारी कराएगा उसे घोषित किया गया ईनाम दिया जाएगा।
आईजी ने 25 और एसपी की 10 हजार रुपए ईनाम की घोषणा
इस मामले में आईजी दुर्ग ने रवि उप्पल के ऊपर 25 हजार के ईनाम की घोषणा की है। वहीं एसपी दुर्ग ने 10 हजार का ईनाम घोषित किया है। इस तरह दोनों को मिलाकर रवि के ऊपर कुल 35 हजार रुपए के ईनाम की घोषणा की गई है।