हिमांशु के फोन में मिला महादेव बुक का वीडियो, डिलीट चैट भी बरामद
ईडी की जांच में मोबाइल से महादेव बुक का वीडियो और डिलीट चैट मिलने का दावा, दुबई यात्राओं से लेकर बैंक खातों में जमा करोड़ों रुपए तक की पड़ताल
रायपुर। ईडी की रिमांड अर्जी के मुताबिक, हिमांशु के वित्तीय रिकॉर्ड और डिजिटल गतिविधियों की जांच में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। एजेंसी ने उसकी कंपनी यशाह मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के दस्तावेजों का हवाला देते हुए बताया कि 31 मार्च 2025 तक कंपनी में उसकी 75 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कंपनी की आय में एक वर्ष के दौरान उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई।
वित्तीय वर्ष 2022-23 में कंपनी का राजस्व 52.66 लाख रुपए था, जो अगले वित्तीय वर्ष 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपए हो गया। कंपनी ने 2025 में लैंड रोवर रेंज रोवर और महिंद्रा थार के लिए भी ऋण लिया। ईडी इस कारोबारी विस्तार और संबंधित वित्तीय लेन-देन के स्रोत की पड़ताल कर रही है।
मोबाइल की जांच में मिले कई डिजिटल सुराग
एजेंसी ने हिमांशु के सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड फोन की जांच में 473 एमबी की वीडियो फाइल मिलने का उल्लेख किया है। इस वीडियो के प्रीव्यू पर 'MAHADEV BOOK' लिखा था। इसके अलावा 30 अक्टूबर 2023 नाम की वीडियो फाइल और 25 अक्टूबर 2023 की चार पार्टी क्लिप भी फोन में मिलीं। सौरभ चंद्राकर के नाम से तीन अलग-अलग नंबर सेव होने की जानकारी भी रिमांड आवेदन में दी गई है।
ईडी के मुताबिक, 16 नवंबर को 'Shekhar Iphone' नाम से सेव नंबर के साथ हुई व्हाट्सऐप बातचीत में एक संदेश भेजने के सात सेकंड बाद डिलीट कर दिया गया था। डिजिटल डेटाबेस की जांच में इसका समय रात 10:44:13 बजे मिला। इसके अलावा 20 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट पर रोके जाने के बाद फोन में मिले एसएमएस भी एजेंसी की जांच में शामिल हैं। इन संदेशों में पूछताछ के दौरान जानकारी से इनकार करने और रिहाई को लेकर बातचीत का उल्लेख है।
दूसरे आईफोन का पासकोड नहीं मिलने और फोन के फैक्ट्री रीसेट होने की जानकारी भी ईडी ने अदालत को दी है।
बैंक खातों में करोड़ों के लेन-देन की पड़ताल
रिमांड अर्जी में हिमांशु के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 के दौरान 22.50 लाख, 58.50 लाख और 14.40 लाख रुपए जमा होने से संबंधित संदेशों का जिक्र है। ईडी के अनुसार, 9 नवंबर को उसके आईसीआईसीआई खाते में करीब 2.08 करोड़ रुपए की राशि मौजूद थी। एजेंसी इन पैसों के स्रोत और संभावित कारोबारी संबंधों की जानकारी जुटाना चाहती है।
दुबई में मुलाकात और नौ विदेश यात्राओं का रिकॉर्ड
जांच एजेंसी ने हिमांशु के इमिग्रेशन रिकॉर्ड को भी अपनी अर्जी का हिस्सा बनाया है। इसके अनुसार, वह अक्टूबर 2023 में दो बार दुबई गया था। पहली यात्रा 21 से 25 अक्टूबर और दूसरी 28 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच हुई। दूसरी यात्रा में वकील सुमित कोचर भी उसी दिन फ्लाइट से रवाना हुए थे।
दिसंबर 2023 से मई 2024 के बीच हिमांशु की नौ विदेश यात्राओं का रिकॉर्ड मिला है। इनमें सात यात्राएं दिसंबर से मार्च के बीच हुई थीं। ईडी इन यात्राओं की समयावधि को सौरभ चंद्राकर के बयान में बताई गई किस्तों में भुगतान की जानकारी से जोड़कर जांच रही है।
65 लाख की रकम को फीस बताया
ईडी की पूछताछ में हिमांशु ने दुबई के विला नंबर 45 में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी और सुमित कोचर से मुलाकात की बात स्वीकार की। हालांकि, बैठक की तारीख उसने 3 अक्टूबर 2023 बताई। उसने 65 लाख रुपए को पेशेवर फीस बताते हुए कहा कि 25 लाख रुपए वसीम कुरैशी से और 40 लाख रुपए प्रमोटरों से बैंक के माध्यम से मिले थे।
एजेंसी के मुताबिक, 15 करोड़ रुपए और नकद किस्तों से जुड़े आरोपों पर हिमांशु से विस्तृत जानकारी हासिल करना बाकी है। अब ईडी कथित हवाला नेटवर्क, रकम के स्रोत, डिजिटल रिकॉर्ड, नोट्स में दर्ज नामों और स्काईएक्सचेंज जैसे अन्य सट्टा प्लेटफॉर्म से संभावित संबंधों की जांच आगे बढ़ाना चाहती है।
suntimes 