होली मिलन समारोह में दिखी सामाजिक एकजुटता, उत्कृष्ट महिलाओं का हुआ सम्मान
एबीयूएस के आयोजन में महापौर-सभापति समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल, समाज को आगे बढ़ाने में शिक्षा और एकता पर जोर
*अखिल भारतीय उड़िया समाज द्वारा आयोजित होली मिलन एवं महिला सम्मान समारोह में सामाजिक समरसता और महिला सशक्तिकरण की झलक देखने को मिली, जहां विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।*
भिलाई। अखिल भारतीय उड़िया समाज (एबीयूएस) द्वारा रविवार को भिलाई-3 स्थित सोमनी के निधि रिसॉर्ट में होली मिलन एवं महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की एकजुटता के साथ महिला सशक्तिकरण का संदेश प्रमुखता से उभरा।
समारोह के मुख्य अतिथि भिलाई-चरोदा नगर निगम के महापौर निर्मल कोसरे ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा के साथ आपसी एकजुटता बेहद जरूरी है। उन्होंने सामाजिक गतिविधियों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता निगम सभापति कृष्णा चंद्राकर ने की। विशिष्ट अतिथियों में पार्षद तुषांत वर्मा, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोपाल मेहता, चरोदा मंडल अध्यक्ष गौरी शंकर एवं भाजपा नेता भोला साहू शामिल रहे।
इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज को प्रेरित करने वाली महिलाओं—सीमा जंघेल, पिंकी साहू, जयंती महानंद, रिद्धी महानंद, अंजली तांडी, वर्षा चौहान, सुभद्रा विभार, अनु विभार, पुष्पा सोना, कस्तूरी राज सहित उत्कल मैरिज ब्यूरो की टीम को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं फूलों की होली के साथ हुई। समाज के अध्यक्ष जेएम तांडी ने संगठन की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए समाजजनों से सहयोग की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम का संचालन महासचिव तरुण निहाल ने किया। आयोजन में समाज के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
suntimes 