20 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या का खुलासा: सुनसान रास्ते को चुनकर लूटपाट के बाद की गई थी हत्या
डूण्डेरा-मोरिद मार्ग पर योजना बनाकर अंजाम दी गई वारदात
- युवक की हत्या के बाद हाईवा ड्राइवर से भी की गई थी लूट
- सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन की तकनीकी जांच से हुए आरोपी गिरफ्तार
- स्कॉर्पियो, हथियार और लूटा गया माल किया गया जप्त
- एक अपचारी बालक समेत कुल 5 आरोपी पकड़े गए, कुछ अब भी फरार
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में डूण्डेरा मोरिद रोड पर हुई 20 वर्षीय युवक राजकुमार यादव की अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के बाद एक अपचारी बालक सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। यह घटना सुनसान रास्ते पर लूट के प्रयास में विरोध करने के चलते अंजाम दी गई थी।
भिलाई। उतई थाना क्षेत्र के डूण्डेरा मोरिद मुख्य मार्ग नहर के पास, 07 जुलाई 2025 की रात 20 वर्षीय राजकुमार यादव की नृशंस हत्या कर दी गई थी। राजकुमार उस समय स्कूटी से जा रहा था और फोन पर बात कर रहा था। तभी स्कॉर्पियो वाहन में सवार 5 आरोपियों ने उसे रोका और लूटपाट का प्रयास किया। विरोध करने पर चाकू और पेचकस से उस पर हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल राजकुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मृतक के मरणासन्न बयान और प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी के आधार पर घटनास्थल के आस-पास के 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और 1500 मोबाइल टावर लोकेशनों की जांच की। तकनीकी विश्लेषण के जरिये पांच आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपी हैं —
- लोकेश सारथी उर्फ भांचा (उम्र 19 वर्ष)
- राजकिशोर वैष्णव उर्फ छोटू (उम्र 20 वर्ष)
- उमेश टण्डन (उम्र 19 वर्ष)
- निखिल ठाकुर उर्फ विक्की चौधरी
- एक अपचारी बालक
पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि लूट की योजना पहले से बनाई गई थी। पैसों की जरूरत के चलते उन्होंने सुनसान रास्तों की पहचान कर ऐसे वारदातों को अंजाम दिया। राजकुमार की हत्या के बाद आरोपी एक हाईवा ड्राइवर को भी लूटकर फरार हो गए थे।
जप्त सामग्री में शामिल हैं:
- एक स्कॉर्पियो वाहन (राजकिशोर से)
- एक चाकू (लोकेश से)
- मोबाइल फोन (निखिल से)
- वारदात में प्रयुक्त अन्य सामान
गिरफ्तार आरोपियों में से कई के खिलाफ पूर्व में आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। इस केस में थाना उतई, रानीतराई और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई उल्लेखनीय रही। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।