30 लाख के लेनदेन ने दोस्त को बनाया कातिल, शिक्षक की हत्या
ब्याज नहीं मिलने से चल रहा था विवाद, स्कूटी से जंगल ले जाकर शिक्षक ने दोस्त पर किया हमला; पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
रायपुर। आरंग थाना क्षेत्र में 30 लाख रुपए के लेनदेन को लेकर एक शिक्षक ने अपने ही साथी शिक्षक की हत्या कर दी। आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा ने अपने दोस्त शिवकुमार चंद्राकर को ट्रेडिंग के लिए करीब 30 लाख रुपए दिए थे। इस रकम पर वह ब्याज लेता था, लेकिन पिछले तीन महीने से ब्याज नहीं मिलने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद के चलते आरोपी ने हत्या की साजिश रची और शिवकुमार को स्कूटी पर बैठाकर बनचरौदा के पास सुनसान इलाके में ले गया।
17 सितंबर को ग्राम बनचरौदा के पास एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना आरंग पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान शिवकुमार चंद्राकर (46), निवासी रामपुर डंगनिया, थाना गोबरा नवापारा के रूप में की। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम की मदद से जांच शुरू की गई।
आखिरी बार साथी शिक्षक के साथ दिखा था
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शिवकुमार और चंद्रप्रकाश दोनों ग्राम कुम्हारी के एक स्कूल में शिक्षक थे। ग्रामीणों और एक चरवाहे ने पुलिस को बताया कि शिवकुमार को आखिरी बार चंद्रप्रकाश के साथ सफेद स्कूटी पर बनचरौदा की ओर जाते देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और दोनों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने शिक्षा विभाग के VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट भी जांची। पुलिस के अनुसार 17 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे चंद्रप्रकाश स्कूल पहुंचा था। कुछ देर बाद वह निजी काम का हवाला देकर स्कूल से निकल गया और मोबाइल की लोकेशन बंद कर दी। करीब 1 बजे वह वापस स्कूल पहुंचा, लेकिन अपने मोबाइल से VSK ऐप पर लॉगिन नहीं किया। उसने मोबाइल घर पर होने की बात कहकर दूसरे शिक्षक के फोन से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज और VSK ऐप की गतिविधियों का मिलान करने के बाद पुलिस का संदेह चंद्रप्रकाश पर गहरा गया। 18 सितंबर को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर पुलिस के मुताबिक उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
ट्रेडिंग के लिए दिए थे 30 लाख
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और शिवकुमार करीब चार साल से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों रेत, रियल एस्टेट और बुलियन मार्केट में ट्रेडिंग से जुड़े थे। आरोपी के अनुसार उसने इन गतिविधियों के लिए शिवकुमार को करीब 30 लाख रुपए उधार दिए थे। इसके बदले शिवकुमार ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के तीन ब्लैंक चेक दिए थे।
आरोपी के मुताबिक वह इस रकम पर हर महीने ब्याज लेता था, लेकिन पिछले तीन महीने से ब्याज नहीं मिलने के कारण दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने यह भी बताया कि पैसों की मांग करने पर शिवकुमार उससे विवाद और गाली-गलौज करता था तथा धमकी देता था।
स्कूल के बाहर विवाद के बाद जंगल पहुंचे
पुलिस के मुताबिक 17 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे दोनों की मुलाकात कुम्हारी स्कूल के बाहर पटवारी कार्यालय के पास हुई। यहां पैसों और ब्याज को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद दोनों बनचरौदा की ओर चले गए।
पुलिस के अनुसार सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद विवाद बढ़ गया। इसी दौरान चंद्रप्रकाश ने अपने साथ रखे धारदार हथियार से शिवकुमार के सिर के पीछे वार किया। उसके गिरने के बाद हथौड़े से सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। मृतक शिवकुमार चंद्राकर किसान नेता रूपन चंद्राकर का भतीजा बताया गया है।
suntimes 